Delhi Police: दिल्ली के सीलमपुर इलाके से एक कारोबारी के साथ लूटपाट की घटना का मामला सामने आ रहा है। यहां सोमवार रात को एक स्वर्ण कारोबारी और उसके पिता दोनों के पास से बदमाशों ने डेढ़ करोड़ का सोना और एक स्कूटी लूट ली। बताया जा रहा है कि यह वारदात पुलिस उपायुक्त कार्यालय के पास हुई, जहां पहले से ही इंतज़ार कर रहे बदमाशों ने पहले उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी और इसके बाद विवाद हो गया और बदमाशों ने स्कॉर्पियो सवार साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही ताकि आरोपियों को पकड़ा जा सके।
लूटा करोड़ों का सोना
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, उत्तर पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त कार्यालय और सीलमपुर पुलिस बूथ के पास सोमवार रात को कार सवार बदमाशों ने एक स्वर्ण कारोबारी के साथ लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान बदमाशों ने कारोबारी के पास से लगभग डेढ़ करोड़ के गहने और एक स्कूटी को लूटा और मौके से फरार हो गए।
भोपुरा बॉर्डर के पास मिली स्कॉर्पियो
वारदात के कुछ देर बाद ही दिल्ली पुलिस ने इस वारदात में इस्तेमाल की गई कार को भोपुरा बॉर्डर के पास से बरामद किया। लेकिन उस वक्त कार में बदमाश मौजूद नहीं थे वो फरार हो चुके थे। पुलिस ने पीड़ित कारोबारी द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर केस दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी कैमरों और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो कार के माध्यम से आरोपी को पकड़ने की कोशिश कर रही है। पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा के मुताबिक, पीड़ित कारोबारी प्रथम बंसल अपने परिवार के साथ राम नगर शाहदरा में रहता है। बंशल अपने पिता अनेश बंसल के साथ चांदनी चौक के कूचा महाजनी इलाके में सोने का व्यापार करता है।









