Patna student suicide Case: राजधानी के श्रीकृष्णापुरी थाना अंतर्गत कस्तूरबा नगर में एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार, भागलपुर की रहने वाली 25 वर्षीय युवती यहां रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। जिस मकान में वह किराए पर रहती थी, उसी के दूसरे फ्लैट में उसका प्रेमी भी रहता था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से संबंध थे और जल्द ही उनकी शादी भी होने वाली थी।
देर रात बातचीत, सुबह खौफनाक मंजर
घटना की शुरुआत शुक्रवार की रात से हुई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, युवती रात करीब डेढ़ बजे तक अपने प्रेमी से बातचीत कर रही थी, जिसके बाद वह अपने कमरे में सोने चली गई। शनिवार सुबह जब काफी देर तक उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो प्रेमी ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब न मिलने पर उसने आसपास के लोगों को बुलाया। जब दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर युवती का शव पंखे से लटका देख सबके होश उड़ गए।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
आनन-फानन में प्रेमी और स्थानीय लोगों की मदद से युवती को फंदे से नीचे उतारा गया और दीघा स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही श्रीकृष्णापुरी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के माता-पिता भी भागलपुर से पटना पहुंच चुके हैं और पोस्टमार्टम के बाद शव का दाह संस्कार दीघा घाट पर कर दिया गया है।
पुलिस और फॉरेंसिक जांच जारी
हैरानी की बात यह है कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों का पता चल सके। पुलिस ने एहतियात के तौर पर कमरे को सील कर दिया है और साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम (FSL) को बुलाया गया है। पुलिस फिलहाल प्रेमी और परिजनों के बयान दर्ज कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या रात में प्रेमी के साथ हुई बातचीत के दौरान कोई विवाद हुआ था या आत्महत्या के पीछे कोई अन्य मानसिक तनाव था।










