PM Modi letter to Nitish Kumar Bihar Diwas: बिहार दिवस के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को तीन पन्नों का एक विस्तृत पत्र भेजा है। इस पत्र में पीएम ने बिहार के समृद्ध इतिहास और परंपराओं का उत्सव मनाने की बात कही।
पीएम मोदी ने नीतीश कुमार के नेतृत्व की सराहना करते हुए लिखा, "आपके नेतृत्व में बिहार एक बड़े परिवर्तन का साक्षी बना है। सुशासन और समाज के हर वर्ग के कल्याण के प्रति आपकी व्यक्तिगत प्रतिबद्धता ने राज्य में प्रगति की एक नई धारा शुरू की है।"
प्रधानमंत्री ने 'एक्स' (ट्विटर) पर भी शुभकामना संदेश साझा करते हुए विश्वास जताया कि विकसित बिहार के संकल्प से ही विकसित भारत का सपना साकार होगा।
बिहार दिवस के अवसर पर राज्य के अपने सभी परिवारजनों को अनेकानेक शुभकामनाएं। भारतीय विरासत को भव्यता और दिव्यता प्रदान करने वाला हमारा यह प्रदेश आज प्रगति के नित-नए अध्याय गढ़ने में जुटा है। मुझे विश्वास है कि विकसित बिहार के साथ विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में यहां के…
— Narendra Modi (@narendramodi) March 22, 2026
नीतीश कुमार ने जताया आभार
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री के इस स्नेहपूर्ण संदेश के लिए समस्त बिहारवासियों की ओर से आभार प्रकट किया। नीतीश कुमार ने कहा, "यह हमारे लिए गर्व का विषय है कि आपने बिहार की विरासत और प्रगति के प्रयासों को सराहा है। केंद्र सरकार के सहयोग से अब बिहार और अधिक विकसित होगा और देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होकर राष्ट्र की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देगा।"
मैं आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को बिहार दिवस के अवसर पर राज्य के प्रति स्नेहपूर्ण संदेश के लिए समस्त बिहारवासियों की ओर से हार्दिक धन्यवाद एवं आभार प्रकट करता हूँ। यह हमारे लिए गर्व का विषय है कि आपने बिहार की समृद्ध विरासत, संस्कृति और प्रगति के प्रयासों की सराहना… pic.twitter.com/NfKYj1Ej08
— Nitish Kumar (@NitishKumar) March 22, 2026
राष्ट्रपति और अन्य दिग्गजों का संदेश
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी बिहार दिवस पर जनता को बधाई देते हुए इसे 'विश्व के प्रथम गणराज्य की भूमि' बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि बिहार के लोग अपनी प्रतिभा और परिश्रम से देश के विकास में अहम भूमिका निभाते रहेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी लोक आस्था और सांस्कृतिक वैभव की धरा बिहार को शुभकामनाएं देते हुए राज्य की समृद्धि की कामना की।
खरगे और राहुल का संदेश
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बिहार को 'ज्ञान-परंपरा और सभ्यता का प्रतीक' बताते हुए चंपारण सत्याग्रह की याद दिलाई। वहीं, राहुल गांधी ने बिहार को भारत का 'ज्ञान-पुंज' और देश का गौरव करार दिया। उन्होंने कहा कि बिहार के समृद्ध इतिहास ने हमेशा देश का मार्गदर्शन किया है।
बता दें कि 22 मार्च 1912 को बिहार को तत्कालीन बंगाल प्रेसीडेंसी से अलग कर एक राज्य बनाया गया था, जिसकी याद में हर साल बिहार दिवस मनाया जाता है।










