महेंद्र विश्वकर्मा- जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर शहर के मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट के रनवे की मरम्मत का काम जल्द ही शुरू होने वाला है। रनवे की स्थिति को बेहतर बनाने के लिए मरम्मत की जा रही है, क्योंकि यहां नियमित विमान सेवा (रायपुर और हैदराबाद के लिए) चल रही है। लोक निर्माण विभाग के टेंडर के अनुसार, इन कार्यों के लिए निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। जिसमें रनवे की दरारों को भरने का काम भी शामिल है। रनवे की मरम्मत के चलते जगदलपुर एयरपोर्ट से उड़ानें 3 महीने तक बाधित रह सकती हैं, जिसके लिए पहले ही सूचना दी जाएगी।
शासन और प्रशासन दोनों अपने-अपने स्तर पर एयरपोर्ट को बेहतर बनाने और हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि शहर में पहले एयरपोर्ट का जहाज भाटा का निर्माण हुआ था, उसके बाद मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट में बदला गया। इसके विकास के लिए सरकार द्वारा 21 करोड़ 50 लाख रुपये की अलग से मंजूरी भी दी गई है, इसके लिए टेंडर करने की तैयारी की जा रही है।
मरम्मत के लिए होगा टेंडर
लोक निर्माण विभाग उत्तर बस्तर संभाग क्रमांक-एक के कार्यपालन अभियंता आरके बतरा ने बताया कि मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट के रनवे की मरम्मत के लिए शीघ्र ही टेंडर किया जाएगा। उसके बाद मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा।










