Delhi Budget Session: दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने दिल्ली सरकार को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि आम आदमी पार्टी के 4 विधायकों का अगर निलंबन रद्द नहीं किया गया तो वह आने वाले आगामी बजट सत्र का पूर्ण बहिष्कार करेगीं। AAP के चार विधायकों सोमदत्त, कुलदीप, जरनैल सिंह और संजीव झा को निलंबित कर दिया गया था। आतिशी का आरोप है कि सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। आतिशी के मुताबिक, विधायकों को आधिकारिक समूहों से हटाना और समिति की बैठक में न बुलाना असंवैधानिक है। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनके विधायकों का निलंबन रद्द नहीं हुआ तो वह जनता के साथ सड़क पर उतर कर विरोध प्रदर्शन करने का काम करेंगी।
सोमवार से दिल्ली का बजट सत्र शुरू होने वाला है। इस बीच आतिशी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी विशेषाधिकार उल्लंघन के नोटिस और निलंबन के माध्यम से उनकी पार्टी की आवाज को दबाने का काम कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि यदि विधानसभा अध्यक्ष ने उनकी पार्टी के विधायकों का निलंबन रद्द नहीं किया तो वह सड़क पर उतर विरोध प्रदर्शन करेंगी और दिल्ली के बजट सत्र का पूर्ण बहिष्कार करेंगी।
पूर्व मुख्यमंत्री का कहना है कि पिछले सत्र के दौरान उनके 4 विधायकों को निलंबित कर दिया था। इसके अलावा उन चारों को दिल्ली के 70 आधिकारिक विधायकों के व्हाट्सएप ग्रुप से बाहर कर दिया गया। उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली विधानसभा की लोक लेखा समिति के सदस्य और AAP के विधायक कुलदीप कुमार को न तो समिति की बैठक में बुलाया गया और न ही उनके पास समिति की मसौदा रिपोर्ट भेजी गई। इसके अलावा आतिशी ने आगे कहा कि उन्हें अकेले ही विशेषाधिकारों के उल्लंघन के 4 नोटिस दिए गए हैं।










