Malviya Nagar Double Murder Case: दिल्ली के मालवीय नगर डबल मर्डर हत्याकांड में आरोपी मां को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को मालवीय नगर में 6 मार्च को आरोपी महिला के घर से उसकी दोनों बेटियों के शव मिले थे। वहीं आरोपी महिला बेहोश हालात में दूसरे कमरे में मिली थीं। पुलिस ने शुरुआती जांच में संदेह जताया था कि महिला ने दोनों बेटियों की हत्या करने के बाद जहर पीकर खुद आत्महत्या करने का प्रयास किया होगा।
पुलिस का कहना है कि आरोपी मां जिसने बेटियों की हत्या करने के बाद जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया था, उसे मेडिकल और मनोरोग जांच के बाद शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने इस मामले को 'हत्या और आत्महत्या के प्रयास' का संदिग्ध मामला माना था और हत्या का केस दर्ज किया था। इसके बाद पुलिस मामले की जांच करने के लिए आरोपी महिला के बयान दर्ज करने का इंतजार कर रही थी।
पति के साथ तनावपूर्ण संबंध
पुलिस जांच में सामने आया है कि 34 साल की बड़ी बेटी की मानसिक हालत ठीक नहीं थी, और उसके चेहरे पर तकिया पड़ा हुआ मिला था जबकि 28 वर्षीय छोटी बेटी जो कि लॉ स्टूडेंट थी उसके गले पर फंदे के निशान थे। वहीं पुलिस को शक था कि मां ने जहरीला पदार्थ का सेवन किया था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला दूसरों पर आर्थिक निर्भरता और पति के साथ तनावपूर्ण संबंध की वजह से मानसिक तनाव से जूझ रही थी, जिसकी वजह से महिला ने यह खौफनाक कदम उठाया है। हालांकि इस मामले में क्राइम टीम और एफएसएल की टीम आगे की जांच कर रही है।










