Delhi Traffic Police: पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक कार चालक ने ट्रैफिक पुलिस के जवान को बोनट पर लेकर घसीटा है। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ऐसा कहा जा रहा है कि यह हादसा ट्रैफिक पुलिसकर्मी द्वारा कार चालक को रोकने के दौरान हुआ है। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हादसा दोपहर जनकपुरी स्थित सुपर स्पेशलिस्ट अस्पताल के बाहर हुआ है। वीडियो में सामने आया है कि ट्रैफिक कर्मचारी एक चलती कार के बोनट पर लटका हुआ है। वहीं कार चालक गाड़ी रोकने के बजाय स्पीड को बढ़ा देता है।
कार चालक को रोकने की कोशिश
इस मामले को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने गाड़ी को रोकने की कोशिश की, लेकिन ड्राइवर ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी। कुछ दूरी तक पुलिसकर्मी बोनट पर लटका रहा, जिसके बाद संतुलन बिगड़ने पर वह गिर गया और गाड़ी की चपेट में आ गया। इस हादसे में पुलिसकर्मी को चोटें भी आई हैं। वहीं आरोपी चालक मौके से फरार हो गया है।
पुलिस करेगी जांच
इस पूरी घटना का वीडियो वहां गुजर रहे एक शख्स ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि इस मामले को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं पुलिस ने इस मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस घायल पुलिसकर्मी की पहचान कर रही है। वहीं आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है। वहीं इस मामले में पुलिस स्थनीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है।










