Logo
Bihar Panchayat Election 2026: बिहार की 8053 पंचायतों में नवंबर-दिसंबर में चुनाव होंगे। जून से वोटर लिस्ट का काम शुरू होगा। जानें फॉर्म-1 और मल्टी-पोस्ट EVM से जुड़ी बड़ी अपडेट।

Bihar Panchayat Election 2026: बिहार में त्रि-स्तरीय पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग जल्द ही फॉर्म-1 का प्रकाशन करने वाला है, जिसके बाद मतदाता सूची (Voter List) तैयार करने का काम आधिकारिक रूप से शुरू हो जाएगा। प्रदेश की 8053 पंचायतों में इस साल नवंबर-दिसंबर तक मतदान कराए जाने की संभावना है।

जून 2026 से शुरू होगा वोटर लिस्ट का काम
आयोग के सूत्रों के अनुसार, मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया जून 2026 में शुरू होगी। इससे पहले 2011 की जनगणना के आधार पर चुनावी क्षेत्रों की आबादी का निर्धारण कर फॉर्म-1 प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद आम लोगों से दावा और आपत्तियां मांगी जाएंगी, जिनका समय पर निपटारा कर फाइनल वोटर लिस्ट तैयार की जाएगी।

पहली बार 'मल्टी-पोस्ट' EVM से होगी वोटिंग
इस बार का पंचायत चुनाव तकनीकी रूप से बेहद खास होने वाला है। बिहार में पहली बार मल्टी-पोस्ट इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) का इस्तेमाल किया जाएगा। मतदाता एक ही कंट्रोल यूनिट से जुड़ी 6 अलग-अलग बैलेट यूनिट के जरिए मुखिया, सरपंच, वार्ड सदस्य, पंच, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य के लिए अपना वोट डाल सकेंगे। इससे मतदान प्रक्रिया में तेजी आएगी और मतगणना में भी आसानी होगी।

ढाई लाख पदों के लिए होगी जंग
बिहार की 8053 पंचायतों में करीब ढाई लाख पदों के लिए यह महाकुंभ आयोजित होगा। आयोग ने पहले ही सभी जिलों के डीएम को जिला निर्वाचन पदाधिकारी के रूप में नामित कर दिया है। बूथों के निर्धारण और ईवीएम की उपलब्धता की जांच का काम भी जल्द शुरू होने वाला है।

पिछली बार (2021 में) पंचायत चुनाव की घोषणा 25 अगस्त को हुई थी और 11 चरणों में मतदान संपन्न हुआ था। इस बार भी प्रशासन सुरक्षा और निष्पक्षता को लेकर पुख्ता इंतजाम करने में जुटा है।

7