Bilal Arif Salafi killed: पाकिस्तान से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के एक हाई-रैंकिंग कमांडर बिलाल आरिफ सल्फी की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई है। यह हमला लश्कर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले मुख्यालय 'मरकज तैयबा' के भीतर हुआ। जानकारी के मुताबिक, ईद की नमाज खत्म होने के कुछ ही देर बाद अज्ञात हमलावरों ने सल्फी पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और चाकुओं से हमला किया।
मरकज तैयबा में मचा हड़कंप
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में हमले के बाद मरकज तैयबा के भीतर भारी अफरा-तफरी देखी जा सकती है। वीडियो में खून से लथपथ बिलाल सल्फी जमीन पर पड़ा नजर आ रहा है, जबकि आसपास मौजूद लोग उसे उठाने की कोशिश कर रहे हैं। इस हमले के बाद इलाके को पूरी तरह से सील कर दिया गया है, लेकिन हमलावर मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
कौन था बिलाल आरिफ सल्फी?
बिलाल आरिफ सल्फी को लश्कर-ए-तैयबा का मुख्य 'रिक्रूटर' माना जाता था। वह मुरीदके केंद्र से पूरे पाकिस्तान के युवाओं की पहचान करने और उन्हें 'कश्मीर जिहाद' के नाम पर कट्टरपंथी बनाने का काम करता था।
सल्फी पाकिस्तान के मुरीदके स्थित लश्कर के मुख्यालय 'मरकज तैयबा' को अपना मुख्य आधार बनाकर काम करता था, जहां वह नए लड़ाकों को वैचारिक प्रशिक्षण (Ideological Training) देने का जिम्मा संभालता था। लश्कर के पूरे नेटवर्क में उसकी भूमिका रणनीतिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण थी, क्योंकि वह युवाओं को आतंकी गतिविधियों के लिए तैयार करने वाली मशीनरी का एक मुख्य हिस्सा था।
फिलहाल पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों ने इस मामले पर चुप्पी साध रखी है और हत्या के पीछे के असली मकसद का खुलासा नहीं हो पाया है।









