Logo
नीट छात्रा मौत मामले में CBI ने छात्रा के मामा से 1 घंटे तक पूछताछ की। इस दौरान उनसे लगभग 25 सवाल पूछे गए।

Patna NEET student Death Case: पटना के हॉस्टल में हुई नीट छात्रा की मौत का मामला सुलझने के बजाय और उलझता जा रहा है। विशेष पॉक्सो (POCSO) कोर्ट की सख्ती के बाद सीबीआई ने इस केस की कमान डीएसपी विभा कुमारी को सौंपी है। शनिवार को नई जांच अधिकारी ने छात्रा के मामा को पटना स्थित सीबीआई दफ्तर बुलाकर करीब एक घंटे तक पूछताछ की। इस दौरान उनसे लगभग 25 सवाल पूछे गए, लेकिन पूछताछ के बाद बाहर निकले मामा ने सीबीआई पर जांच में 'लीपापोती' करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

डॉक्टर से भी सवाल-जवाब
सीबीआई की टीम ने इस मामले में प्रभात मेमोरियल के संचालक डॉ. सतीश को भी तलब किया। उनसे करीब आधे घंटे तक पूछताछ की गई। गौरतलब है कि सीबीआई ने 12 फरवरी को इस हाई-प्रोफाइल केस की जिम्मेदारी संभाली थी, लेकिन करीब 45 दिन बीत जाने के बाद भी एजेंसी के हाथ अब तक खाली हैं। पीड़ित पक्ष का कहना है कि अधिकारी तो बदले जा रहे हैं, लेकिन जांच की दिशा सही नहीं है।

वकील बोला: 'परिवार पर बनाया जा रहा दबाव'
पीड़ित परिवार के वकील एस.के. पांडेय ने सीबीआई की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि एजेंसी केवल पीड़ित परिवार को ही बार-बार परेशान कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि असली दोषियों से सवाल पूछने के बजाय परिवार पर इस मामले को 'आत्महत्या' मान लेने का दबाव बनाया जा रहा है।

वकील ने इस संबंध में पॉक्सो कोर्ट में शिकायत दर्ज कराई है और मुआवजे के लिए आवेदन भी दिया है। मामले की अगली सुनवाई 23 मार्च को होनी है।

जहानाबाद में ग्रामीणों का आक्रोश
जांच के सिलसिले में जब सीबीआई की टीम छात्रा के पैतृक गांव जहानाबाद पहुंची, तो वहां उन्हें भारी विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों और परिजनों ने टीम को घेर लिया और नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि बार-बार की पूछताछ से कुछ हासिल नहीं हो रहा है। इसी बीच, मृतका की मां अपनी बेटी को याद कर बेहोश हो गईं, जिससे गांव में माहौल और भी तनावपूर्ण हो गया।

7