Logo
बिहार में मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए भारी चेतावनी जारी की है। आंधी-तूफान के साथ ओले गिरने के आसार हैं। पटना समेत कई जिलों में पारा गिरेगा।

Bihar Weather Update: बिहार के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। चिलचिलाती धूप के बीच अब बादलों ने डेरा डालना शुरू कर दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम काफी खराब रह सकता है। शुक्रवार को राज्य के कई जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि (Hailstorm) की चेतावनी जारी की गई है। विशेष रूप से सीमांचल और पूर्वी बिहार के जिलों में कुदरत का कड़ा रुख देखने को मिल सकता है।

इन जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी, ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने उत्तर और पूर्वी बिहार के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) जारी किया है। विभाग के मुताबिक, मधुबनी, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, भागलपुर और बांका में न सिर्फ तेज बारिश होगी, बल्कि बड़े पैमाने पर ओले गिरने की भी आशंका है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। अन्य जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी करते हुए लोगों को आकाशीय बिजली (Lightning) से बचने की सलाह दी गई है।

तापमान में आएगी भारी गिरावट, गर्मी से मिलेगी राहत
लगातार बढ़ रहे पारे के बीच यह मौसमी बदलाव लोगों को गर्मी से बड़ी राहत देने वाला है। अनुमान है कि आंधी और बारिश के चलते प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की जा सकती है। इससे वातावरण में सिहरन बढ़ेगी और पिछले कुछ दिनों से पड़ रही तपिश कम होगी। गुरुवार को राज्य का सबसे गर्म स्थान कैमूर (36.5°C) रहा, जबकि सबसे कम तापमान औरंगाबाद (15.6°C) में रिकॉर्ड किया गया।

शनिवार को भी नहीं थमेगा मौसम का मिजाज
खराब मौसम का सिलसिला सिर्फ शुक्रवार तक सीमित नहीं रहेगा। 21 मार्च (शनिवार) को भी पटना, मुजफ्फरपुर, गया और दरभंगा समेत कुल 27 जिलों में येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। पश्चिमी चंपारण, सारण और भोजपुर जैसे यूपी से सटे इलाकों को छोड़कर राज्य के बाकी हिस्सों में गरज-चमक के साथ वज्रपात का खतरा बना रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों ने किसानों को सलाह दी है कि वे कटी हुई फसलों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दें।

राजधानी पटना में छाएंगे घने बादल, बूंदाबांदी के आसार
बिहार की राजधानी पटना में अगले 48 घंटों तक आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। शुक्रवार को जिले में छिटपुट बारिश की संभावना है, जबकि शनिवार को घने बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर मध्यम दर्जे की वर्षा होने का पूर्वानुमान है। गुरुवार को पटना का अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जिसमें अब गिरावट आने की पूरी उम्मीद है। तेज हवाओं के चलते शाम के समय मौसम सुहावना बना रहेगा।

7