Logo
Patna Metro Phase 2: पटना मेट्रो के दूसरे फेज का इंतजार खत्म होने वाला है। 26 मार्च से पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से मलाही पकड़ी के बीच मेट्रो शुरू हो सकती है। जानें पूरा रूट।

Patna Metro Phase 2: पटना मेट्रो प्रशासन ने फेज-2 के उद्घाटन के लिए अपनी कमर कस ली है। इस चरण के शुरू होते ही पटना के चार महत्वपूर्ण स्टेशनों- पाटलिपुत्र बस टर्मिनल (ISBT), जीरोमाइल, भूतनाथ और मलाही पकड़ी के बीच मेट्रो सेवाएं बहाल हो जाएंगी।

लगभग 6.2 किलोमीटर लंबे इस ट्रैक पर मेट्रो दौड़ने से शहर के एक बड़े हिस्से को सीधा फायदा होगा। खास तौर पर अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल आने-जाने वाले यात्रियों को अब ऑटो या निजी वाहनों के भारी ट्रैफिक में नहीं जूझना पड़ेगा।

सफल रहा ट्रायल, अब बस अंतिम सर्टिफिकेट का इंतजार
मेट्रो के परिचालन को लेकर तकनीकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। भूतनाथ से मलाही पकड़ी के बीच के 2.75 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड ट्रैक पर ट्रायल रन पहले ही सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है। हाल ही में उप-CMRS प्रदीप कुमार के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय टीम ने पूरे ट्रैक और स्टेशनों का बारीकी से सुरक्षा निरीक्षण किया है।

अधिकारियों के मुताबिक, अब बस फायर सेफ्टी और CMRS का अंतिम सुरक्षा सर्टिफिकेट मिलना बाकी है। उम्मीद जताई जा रही है कि 26 मार्च से पहले यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी और आम जनता के लिए मेट्रो के द्वार खोल दिए जाएंगे।

प्रदूषण में आएगी कमी और बचेगा कीमती समय
वर्तमान में कंकड़बाग और मलाही पकड़ी जैसे घनी आबादी वाले इलाकों में वाहनों का भारी दबाव रहता है, जिससे न केवल जाम की स्थिति बनती है बल्कि प्रदूषण भी बढ़ता है। मेट्रो के आने से लोग कम समय में आरामदायक सफर कर सकेंगे।

प्रशासन की रणनीति है कि पूरे प्रोजेक्ट के खत्म होने का इंतजार करने के बजाय, जैसे-जैसे रूट तैयार होते जाएं, उन्हें जनता के लिए खोल दिया जाए ताकि यातायात व्यवस्था में जल्द सुधार दिखना शुरू हो सके।

अगले चरण में मीठापुर तक विस्तार की तैयारी
दूसरे फेज की शुरुआत के साथ ही तीसरे चरण का काम भी युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है। अगले चरण में मेट्रो को खेमनीचक से मीठापुर के बीच जोड़ने की योजना है। इस रूट पर बिजली के खंभे (OHE) लगाने का काम पहले ही शुरू हो चुका है और जल्द ही पटरी बिछाने की प्रक्रिया भी शुरू होगी।

एक बार यह रूट तैयार हो जाने के बाद जगनपुरा, रामकृष्णानगर और मीठापुर जैसे इलाके भी मेट्रो मैप पर आ जाएंगे, जिससे पटना का पूरा ट्रांसपोर्ट सिस्टम डिजिटल और हाईटेक हो जाएगा।

7