haribhoomi hindi news
दिल्ली पुलिस ने पीरागढ़ी फ्लाईओवर से कार से बरामद तीन शवों के मौत के मामले में बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने कमरुद्दीन नामक तांत्रिक को गिरफ्तार करने के बाद दावा किया है कि यह ट्रिपल मर्डर है। पढ़िये पूरा मामला...

दिल्ली पुलिस ने पीरागढ़ी फ्लाईओवर से कार में मृत पाए गए तीन शवों के मामले में चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस ने कमरुद्दीन नामक तांत्रिक को गिरफ्तार करने के बाद दावा किया है कि यह मामला ट्रिपल मर्डर का है। तांत्रिक ने खुलासा किया है कि उसने जहरीले लड्डू बनाकर पीड़ितों को खिलाए थे। आरोपी कमरुद्दीन आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ कई केस दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि विस्तृत पूछताछ के बाद स्पष्ट हो पाएगा कि इन लोगों को जहरीले लड्डू खिलाने के पीछे की असल वजह क्या है।

बाहरी दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर बीते रविवार को एक कार से तीन शव बरामद हुए थे। मृतकों की शिनाख्त रणधीर, शिव नरेश और लक्ष्मी के रूप में हुई। घटनास्थल की जांच के बाद पता चला कि उनके साथ किसी तरह से कोई लूटपाट नहीं हुई और न ही संघर्ष के संकेत मिले। पुलिस ने जब सीसीटीवी जांच की तो पता चला कि कार में चौथा शख्स भी मौजूद था, जो मौके से फरार हो गया था। 

पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि मृतका लक्ष्मी तांत्रिक क्रिया में लिप्त रही है। पुलिस को उम्मीद थी कि इस चौथे शख्स के पकड़े जाने के बाद ही इस मामले का खुलासा हो पाएगा। ऐसे में पुलिस ने दिल्ली एनसीआर के एक दर्जन से अधिक तांत्रिकों से और उनसे जुड़े लोगों से पूछताछ की। इस दौरान तांत्रिक कमरुद्दीन का नाम सामने आया। पुलिस ने आज कमरुद्दीन को अरेस्ट कर लिया। इसके बाद जब पूछताछ की तो शुरू में उसने पुलिस को बरगलाने का प्रयास किया। जब सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी कमरुद्दीन ने कबूला कि वह कार में मौजूद था और उसने तीनों को जहर के लड्डू बनाकर खिलाए थे। उसने बताया कि उसने उन्हें अमीर बनाने का लालच देकर अपने जाल में फंसाया था। उसने तीनों को धनवर्षा की पूजा के लिए तैयार किया और दो लाख रुपये नकद लाने को कहा। साथ ही, शराब और कोल्ड ड्रिंक भी मंगवाई। इसके बाद तीनों को जहर मिले लड्डू खिलाए और कोल्ड ड्रिंक पिलाई। जब तीनों बेहोश हो गए तो वह रुपये लेकर फरार हो गया।

पुलिस का कहना है कि तांत्रिक कमरुद्दीन दलील दे रहा है कि उसे अंदेशा नहीं था कि तीनों मर जाएंगे। लेकिन, आरोपी का जिस तरह से आपराधिक इतिहास सामने आया है, उसे देखकर उसकी किसी भी बात पर भरोसा नहीं किया जा सकता। पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे की असल वजह स्पष्ट हो जाए। बहरहाल पुलिस ने ट्रिपल मर्डर का केस दर्ज कर जांच जारी रखी है। 

7