Bihar Crime News: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है। नौतन थाना क्षेत्र की बीए में अध्ययनरत एक छात्रा ने आरोप लगाया है कि बीते 11 महीनों में उसके साथ 30 बार दुष्कर्म किया गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने एक युवक समेत उसके परिवार के कुल सात लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जान पहचान बढ़ाकर दबाव बनाने का आरोप
पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि आरोपी युवक उसके कॉलेज में पढ़ता है और धीरे-धीरे घर आने जाने लगा। परिवार की आपत्ति के बावजूद उसका आना जाना जारी रहा। छात्रा का आरोप है कि 10 अगस्त 2024 को युवक ने घर पहुंचकर उसे धमकाया और जबरन दुष्कर्म किया। इसके बाद डर और सामाजिक बदनामी के कारण वह चुप रही।
शादी का झांसा
छात्रा का कहना है कि अगस्त 2024 से मई 2025 के बीच आरोपी ने करीब 30 बार दुष्कर्म किया। जब उसने यह बात अपनी मां को बताई तो पंचायत बुलाई गई। वहां आरोपी ने शादी का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में मुकर गया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसके खिलाफ अपमानजनक बातें फैलाई गईं और परिवार को डराने की कोशिश की गई।
इन लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ केस
थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पासवान के अनुसार, मुख्य आरोपी सनवर आलम के अलावा इस्माइल मियां, बबिया खातून, समीर आलम, सोनी खातून, खुशी कुमारी और नसीब आलम को भी नामजद किया गया है। सभी पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी। फिलहाल पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल जारी है।











