Logo
जशपुर जिले के एक हायर सेकेंडरी स्कूल के क्लासरूम में छात्र-छात्राओं को बाइबिल बांटने का मामला सामने आया है।

अजय सुर्यवंशी- जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक स्कूल में बाइबिल बांटने का मामला सामने आया है। फरसाबहार थाना क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केरसई में एक शिक्षक ने स्कूली छात्र-छात्राओं को क्लासरूम में आकर बाइबिल बांटी। 
मामला उजागर होने के बाद, प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए विद्यालय के प्राचार्य ने संबंधित शिक्षक को शो-कॉज नोटिस जारी कर एक दिन में जवाब मांगा है। साथ ही प्राचार्य द्वारा व्याख्याता के विरुद्ध जिला शिक्षा अधिकारी को कार्रवाई हेतु अनुशंसा भी भेजी गई है। 

व्याख्याता दीपक तिग्गा पर है आरोप
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, विद्यालय में व्याख्याता पद पर पदस्थ दीपक तिग्गा पर आरोप है कि, उन्होंने पढ़ाई के दौरान कक्षा में जाकर छात्र-छात्राओं को बाइबिल की छोटी पुस्तकें वितरित कीं। इस बाइबिल को हिन्दू छात्र- छात्राओं को भी बांटी गई।

बाइबिल की 14 नग पुस्तकें छात्र-छात्राओं के बैग से बरामद
प्राचार्य कार्यालय से जारी नोटिस के मुताबिक, 10 फरवरी को दीपक तिग्गा विलंब से विद्यालय पहुंचे और बिना प्राचार्य से मुलाकात किए सीधे कक्षा में चले गए। वहां उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं को बाइबिल की पुस्तकें बांटना शुरू कर दिया। मामले के सामने आने के बाद जब छात्र-छात्राओं के बैग की जांच की गई, तो कुल 14 नग बाइबिल की पुस्तकें बरामद की गईं। 

जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने की कही गई बात
फिलहाल संबंधित अधिकारियों ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही है। शिक्षा विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई शिक्षक के जवाब के बाद की जाएगी।

5379487