कुश अग्रवाल- बलौदा बाजार। बलौदा बाजार जिले में पुलिस व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए एक नई पहल पर काम किया जा रहा है। इसको लेकर बलौदा बाजार पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्तर पर सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के अनुभवों का उपयोग करने की योजना तैयार की जा रही है। इसको लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया।
विशेषज्ञता को दोबारा व्यवस्था से जोड़ना उद्देश्य
इस पहल का उद्देश्य दशकों तक सेवा दे चुके कर्मियों की विशेषज्ञता को दोबारा पुलिस व्यवस्था से जोड़ना है। इस योजना के तहत रिटायर पुलिसकर्मियों को जटिल मामलों में उनके अनुभव का लाभ लेकर अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है। ये अनुभवी अधिकारी क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और आधुनिक तकनीकों के माध्यम से थाना पुलिस की सहायता कर सकेंगे।
बलौदा बाजार पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्तर पर सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के अनुभवों का उपयोग करने की योजना तैयार की जा रही है। @BalodaBazarDist @BalodabazarSp #Chhattisgarh pic.twitter.com/r5jYBsNMDv
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) April 17, 2026
रिटायर पुलिसकर्मियों की भूमिका महत्वपूर्ण
पुलिस कप्तान भावना गुप्ता ने कहा कि, पुलिस विभाग हमेशा अपने सेवानिवृत्त कर्मचारियों से अपेक्षा करता है कि वे भविष्य में भी अपने अनुभव और मार्गदर्शन से पुलिस बल को मजबूत बनाते रहें। उन्होंने बताया कि, साइबर अपराध और महिला संबंधी अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए रिटायर पुलिसकर्मियों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।

पुलिसिंग में आएगी गुणवत्ता
उन्होंने यह भी कहा कि, एक सकारात्मक पहल के तहत रिटायर पुलिसकर्मी न केवल जागरूकता बढ़ाने में सहयोग देंगे, बल्कि अपनी विशेषज्ञता से पुलिस की नीतियों को और अधिक प्रभावी बनाने में भी योगदान करेंगे। इस पहल से न केवल पुलिसिंग में गुणवत्ता आएगी, बल्कि पुलिस और समाज के बीच समन्वय भी मजबूत होगा।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)










