कवर्धा। छत्तीसगढ़ प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कबीरधाम जिले को वर्चुअल माध्यम से 166 करोड़ रुपये की बड़ी सौगात दी है। इतिहास में पहली बार एक साथ 55 सड़कों और 12 बड़े पुलों का भूमिपूजन किया गया।
कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी
मिली जानकारी के अनुसार, पूरा कार्यक्रम शहर के पीजी कॉलेज के ऑडिटोरियम में सम्पन्न हुआ हुआ। मुख्यातिथि के तौर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष कैलाश चन्द्रवंशी नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चन्द्रवंशी के अलावा जिला कलेक्टर समेत पीएमजीएसवाई के आला अधिकारी कार्यक्रम में मौजद रहे।
मुख्यमंत्री साय ने कबीरधाम जिले को 166 करोड़ रुपये की बड़ी सौगात दी। 55 सड़कों और 12 पुलों के भूमिपूजन के साथ ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी। @vishnudsai @KabirdhamDist #Chhattisgarh pic.twitter.com/KMXdP3j3il
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) April 17, 2026
700 से अधिक सड़कों का शुभारंभ
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जशपुर से जुड़े इस कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री ने पूरे छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के चौथे चरण के अंतर्गत 700 से अधिक सड़कों का शुभारंभ किया।
आजादी के 70 साल बाद भी पक्की सड़कों का अभाव
कबीरधाम जिले के खासकर बैगा बाहुल्य और दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में आजादी के 70 साल बाद भी पक्की सड़कों का अभाव था। गांवों के लोग वर्षों से सड़क सुविधा का इंतजार कर रहे थे, लेकिन अब उनकी यह पुरानी मांग पूरी होती नजर आ रही है।
स्कूली बच्चों को भी बड़ी मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों से जिले में विकास की नई राह खुल गई है। जिले में 55 सड़कों के निर्माण से सैकड़ों गांव सीधे मुख्य मार्गों से जुड़ेंगे। इससे न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि स्कूली बच्चों को भी बड़ी राहत मिलेगी। सड़क बनने से अब एम्बुलेंस गांव तक पहुंच सकेगी, जिससे स्वास्थ्य सुविधाओं में भी सुधार होगा।
गांवों की तस्वीर और तकदीर बदलने की उम्मीद
इसके साथ ही स्थानीय व्यापार को भी गति मिलेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। कुल मिलाकर, यह भूमिपूजन कबीरधाम जिले के विकास की दिशा में एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है, जिससे गांवों की तस्वीर और तकदीर बदलने की उम्मीद है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)










