haribhoomi hindi news
रायपुर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा रैकेट का बड़ा खुलासा करते हुए मास्टरमाइंड बाबू खेमानी को मुंबई से गिरफ्तार किया।

रायपुर। रायपुर जिले के पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए इसके मुख्य सरगना बाबू खेमानी को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। क्राइम ब्रांच की टीम ने तीन राज्यों में दबिश देकर आरोपी तक पहुंच बनाई और उसे होटल से धर दबोचा। पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी पिछले दो साल से अलग-अलग ऐप्स के जरिए करोड़ों का सट्टा कारोबार चला रहा था।

आरोपी मुंबई से गिरफ्तार
मिली जानकारी के अनुसार, राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बाबू खेमानी को गिरफ्तार कर शहर लाया है। आरोपी को मुंबई के एक होटल से पकड़ा गया, जहां वह छिपकर अपने अवैध नेटवर्क को संचालित कर रहा था।

तीन अलग-अलग प्लेटफॉर्म के जरिए चला रहा था सट्टा
पुलिस के अनुसार, बाबू खेमानी ऑनलाइन सट्टा रैकेट का मास्टरमाइंड है, जो “ट्रिपल स्टम्प” नामक एप सहित तीन अलग-अलग प्लेटफॉर्म के जरिए सट्टा चला रहा था। इस नेटवर्क को संचालित करने के लिए उसने म्यूल अकाउंट्स का इस्तेमाल किया, जिससे लेन-देन को छिपाया जा सके।

पुणे, मुंबई और गोवा से ऑपरेट करता था पैनल
गौरतलब है कि, बाबू खेमानी महादेव सिंडिकेट की तर्ज पर ‘3 STUMPS’ ऑनलाइन वेबसाइट बनाकर आईपीएल मैच में सट्‌टा खिलवा रहा था। इसके साथ ही वह ढाई साल से रेड्डी ग्रुप, बजरंग ग्रुप, मेट्रो 65 और डायमंड मास्टर ऑनलाइन पैनल का संचालन कर रहा था। वहीं 13 अप्रैल को खेमानी के खिलाफ गंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी, तब से वह फरार था। आरोपी रायपुर में अपने भाई करण खेमानी की मदद से पुणे, मुंबई और गोवा से पैनल ऑपरेट करता था। 

आरोपी के कब्जे से ये सामान जब्त
जांच में यह भी सामने आया है कि, आरोपी ने छोटे स्तर से इस अवैध कारोबार की शुरुआत की थी, लेकिन धीरे-धीरे इसे बड़े नेटवर्क में बदल दिया। पिछले एक साल में ही उसने करीब सट्टा  की है। क्राइम ब्रांच की टीम ने इस मामले में तीन अलग-अलग राज्यों में कार्रवाई की, जहां से महत्वपूर्ण सबूत जुटाए गए। आरोपी के पास से बीएमडब्ल्यू कार, मोबाइल फोन सहित कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद किए गए हैं।

पहले भी जा चुका है जेल
यह भी बताया जा रहा है कि, दूसरे राज्यों के शहरों से पैनल ऑपरेट किए जा रहे थे, जिसमें आरोपी के रिश्तेदार और करीबी भी शामिल हैं। इस काम में सभी को अलग-अलग जिम्मेदारी तय कर दी गई थी। बता दें कि, खेमानी इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर काफी एक्टिव रहता था और रील्स-वीडियोस अपलोड करता रहता था। वह पहले भी जेल जा चुका है और रायपुर पुलिस ने उस पर प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर चुकी है। 

आरोपी के फरार भाई की तलाश कर रही पुलिस
पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि, बाबू खेमानी ट्रेडिंग सीखने के लिए दुबई भी गया था, जिसके पुख्ता सबूत जांच एजेंसी के पास हैं। वहीं, उसका भाई करण खेमानी, जो इस पूरे नेटवर्क में शामिल था, फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस अब आरोपी की संपत्तियों को अटैच करने की कार्रवाई में जुटी हुई है और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

7