CBI Action Against Corruption in Delhi Police: केंद्रीय जांच ब्यूरो ने दिल्ली पुलिस के एक असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (एएसआई) को 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। आरोप है कि दिल्ली के सीआर पार्क पुलिस स्टेशन में तैनात एएसआई ने संपत्ति विवाद सुलझाने के लिए शिकायतकर्ता से 25 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। उलटा धमकाया था कि अगर रिश्वत नहीं दी तो उसे ही कानूनी परेशानी झेलनी पड़ेगी। इस पर शिकायतकर्ता ने सीबीआई को शिकायत दी, जिसके बाद 10 फरवरी 2026 को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी दरोगा का नाम एएसआई सुंदरपाल बताया गया है। उसने एक संपत्ति विवाद को सुलझाने के लिए 25 लाख रुपये मांगे। डराया कि अगर पैसे नहीं दिए तो शिकायत दर्ज नहीं की जाएगी, उलटा कानूनी परेशानी खड़ी हो जाएगी। इस पर शिकायतकर्ता ने सीबीआई को शिकायत दी। सीबीआई ने मामला दर्ज कर घूसखोर दरोगा को रंगे हाथों पकड़ने के लिए जाल बिछा दिया।
शिकायतकर्ता ने दरोगा से पहली किस्त के रूप में 10 लाख रुपये देने की बात कही। इस पर दरोगा मान गया। सीबीआई ने रुपयों पर विशेष स्याही लगाकर शिकायतकर्ता को दी। शिकायतकर्ता ने जैसे ही दरोगा को यह रकम सौंपी, वैसे ही मौके पर सीबीआई अधिकारी पहुंचे और उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। सीबीआई ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
आरोपी दरोगा की संपत्ति की जांच होगी?
सीबीआई आरोपी सुंदरपाल की संपत्ति और पुराने मामले की जांच कर सकती है। इसके अलावा यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में कोई और पुलिसकर्मी या बिचौलिया शामिल है या नहीं। फिलहाल उसे कोर्ट में पेश करने की तैयारी चल रही है। सीसीआई आरोपी एएसआई के डिमांड पर भेजने की मांग कर सकती है।











