Gangster Rohit Godara: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा और जितेंद्र गोगी गैंग के शार्प शूटर करमवीर उर्फ काजू को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी करमवीर कई राज्यों में ठिकाने बदलकर पुलिस की पहुंच से बच रहा था, आखिरकार पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक फर्जी पासपोर्ट, दो फर्जी आधार कार्ड और एक फर्जी वोटर ID कार्ड जब्त कर लिया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी करमवीर हरियाणा के झज्जर का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ दिल्ली-हरियाणा में हत्या, हत्या की कोशिश, वसूली, डकैती और आर्म्स एक्ट समेत 15 से ज्यादा केस दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को राजस्थान के कोटपूतली में एक होटल से गिरफ्तार किया है।
नाइट क्लब पर ग्रेनेड हमले का आरोप
पुलिस जांच में पता चला है कि करमवीर गुरुग्राम के 2 नाइट क्लबों पर हुए ग्रेनेड हमले के मामले में शामिल था, जिसकी जांच NIA द्वारा की जा रही है। करमवीर पर आरोप लगाया गया है कि सने गैंग के इशारे पर साथियों को इस हमले के लिए तैयार किया था, ताकि क्लब मालिकों से मोटा पैसा वसूला जा सके।
बताया जा रहा है कि आरोपी को साल 2024 जून में एक मर्डर केस में 3 हफ्ते के लिए अंतरिम जमानत मिली थी, लेकिन वह वापस कोर्ट में पेश नहीं हुआ और भाग गया। इसके बाद उसे मई 2025 में अपराधी घोषित कर दिया गया।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह नेपाल भाग गया था जहां करीब एक साल तक छिपा रहा। वहीं सितंबर 2025 में वह भारत वापस आ गया, जिसके बाद वह असम, गोवा, मुंबई और हरियाणा समेत कई जगहों पर ठिकाने बदलकर रहने लगा।
पुलिस ने संदेह जताया है कि आरोपी के कब्जे से जब्त डॉक्यूमेंट्स के जरिए वह देश छोड़कर भागने वाला था। पुलिस ने यह भी कहा है कि आरोपी गैंग के लिए बड़े आपराधिक काम की जिम्मेदारी संभालता था। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।










