Gurugram Roof Collapses: गुरुग्राम में बीती देर रात एक जर्जर मकान की छत गिरने से 6 लोग दब गए, जिसमें एक शख्स की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस समेत सिविल डिफेंस और फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई, जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। टीम ने मलबे में दबे शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है, वहीं घायलों को अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
एक शख्स पर गिरा खौलता तेल
पुलिस का कहना है कि हादसे के वक्त सतीश माल्या घर में पलंग पर लेटे हुए थे। जबकि उनका दोस्त रवि झा खाना बना रहा था। इसी दौरान अचानक से छत गिर गई। ऐसा भी कहा जा रहा है कि छत गिरी तो, उस दौरान खाना बना रहे रवि के चेहरे पर खौलता हुआ तेल गिर गया, जिसकी वजह से वह बुरी तरह झुलस गया।
सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गई और सतीश के शव को मलबे से बाहर निकाला गया। वहीं घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक शख्स की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया।
परिजन ने ठेकेदार पर लगाया लापरवाही का आरोप
मृतक सतीश माल्या के भाई ने आरोप लगाया कि मकान मालिक और देखरेख करने वाले ठेकेदार को कई बार छत के जर्जर होने शिकायत दी गई थी, उसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि 'हमने बार-बार बताया कि छत पुरानी और कमजोर हो चुकी है, मरम्मत की जरूरत है, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। बारिश में पानी भी टपकता है।
लापरवाही के कारण ही यह हादसा हुआ और हमारा भाई हमसे छिन गया।' मृतक के परिजन ने मकान मालिक के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज करने की मांग उठाई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मकान काफी पुराना था, और छत में दरारें आ चुकी थी। मौसम और ढांचागत कमजोरी की वजह से छत ढह गई। प्रशासन ने इस मामले में आसपास के मकानों की जांच का ऑर्डर दिया, ताकि इस तरह का कोई और हादसा न हो।










