Delhi Police: दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की इंटर-स्टेट सेल ने अवैध विदेशी शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 कार्टन में रखी महंगी विदेशी शराब और शराब ढोने में इस्तेमाल MG हेक्टर कार को कब्जे में लिया है। बता दें कि क्राइम ब्रांच ने इस मामले को लेकर 20 मार्च 2026 को दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33/58 के तहत केस दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान वेस्ट पंजाबी बाग के रहने वाले 35 साल के नमन कोहली के तौर पर हुई है। नमन के खिलाफ गुरुग्राम के सेक्टर-56 थाने में आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज हो चुका है। दरअसल दिल्ली पुलिस को सूचना मिली थी कि एक शख्स गुरुग्राम से सस्ती शराब लाकर दिल्ली अवैध तरीके से सप्लाई कर रहा है। सूचना मिलने के बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने 19 मार्च को पश्चिमी दिल्ली के वेस्ट पंजाबी बाग एरिया में रोड नंबर 40 के पास पहुंच गई।
आरोपी के पास नहीं था लाइसेंस-पुलिस
टीम ने जब संदिग्ध को कार के पास जाते हुए देखा, तो टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान टीम को कार से 12 कार्टन में रखी विदेशी शराब मिली है। बरामद शराब में ग्लेनफिडिक सिंगल माल्ट, चिवास रीगल और मंकी शोल्डर जैसी महंगी विदेशी व्हिस्की भी शामिल है।
आरोपी इन ब्रांड की शराब को गुरुग्राम से खरीदकर दिल्ली में अवैध रूप से बेचने की तैयारी में था। टीम को आरोपी के पास से कोई वैध परमिट या लाइसेंस भी नहीं मिला है। फिलहाल पुलिस अब आरोपी से पूछताछ करके पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है, यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस अवैध शराब सप्लाई रैकेट में और कौन-कौन से लोग शामिल है।










