Logo
Delhi Budget Session 2026: दिल्ली बजट सत्र को आज सीएम रेखा गुप्ता की सरकार ने 'खीर सेरेमनी' संग शुरू कर दिया है। वहीं विपक्षी पार्टी ने भाजपा के खिलाफ कड़ा विरोध जताकर बजट सत्र का बहिष्कार किया है, जिसे विजेंद्र गुप्ता ने संसदीय परंपरा के खिलाफ बताया है। यहां पढ़ें बजट सत्र से जुड़ा नया अपडेट्स...

Delhi Budget Session 2026: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज 23 मार्च सोमवार को ‘खीर समारोह' के साथ दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र शुरू किया है। बता दें कि पिछले साल से ही 'खीर रस्‍म' की प्रथा को शुरू किया गया था। जिसमें पारंपरिक भारतीय व्यंजन को बनाकर सबसे पहले भगवान राम को अर्पित किया जाता है।

इसके बाद बजट तैयार करने में शामिल सभी लोगों और जनता में बांट दिया जाता है। सीएम रेखा गुप्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि 'बजट 2026-27 हमारी सरकार का दूसरा बजट है।' उन्होंने कहा कि यह बजट दिल्ली के विकास को और भी ज्यादा गति देगा, जिससे लोगों को जीवन स्तर ऊपर उठेगा। इसके अलावा सीएम रेखा गुप्ता ने विधानसभा में बजट सत्र के दौरान आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट को भी पेश कर दिया है। 

भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धांजलि

बता दें कि आज 23 मार्च सोमवार को 'शहीद दिवस' के मौके पर  दिल्ली विधानसभा सचिवालय में शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को उनकी शहादत के दिन श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, मंत्रि परिषद के सदस्यों, विधायकों और प्रख्यात स्वतंत्रता सेनानियों के साथ शहीदों को पुष्प अर्पित किए। इस दौरान सीएम रेखा गुप्ता भी मौजूद रहीं।

उन्होंने कहा कि 'यह दिन हमें हमारे स्वतंत्रता सेनानियों की शहादत की याद दिलाता है। उन्होंने देश की आज़ादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। यह वही स्थान है, जहां असेंबली में बम फेंके जाने के बाद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव पर अदालत में मुक़दमा चलाया गया था... मैं उन शहीदों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं। राष्ट्र उनके बलिदान को सदैव याद रखेगा।' 

 

विपक्ष को बोलने नहीं दिया जा रहा-आतिशी

बजट सत्र के बीच  विपक्ष की नेता और AAP विधायक आतिशी ने कहा, "विधानसभा सत्रों में सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों की ही भूमिका होती है। विपक्ष की भूमिका जनता के हित से जुड़े मुद्दों के बारे में सरकार को अवगत कराना है, लेकिन BJP ने पिछले 1 साल में विपक्ष की आवाज़ दबाने के अलावा कुछ नहीं किया, यह किस तरह का लोकतंत्र है। वे विधानसभा सत्र बुला ही क्यों रहे हैं, जब विपक्ष को बोलने का मौका तक नहीं दिया जा रहा।'

 

AAP ने भाजपा के खिलाफ किया विरोध

इस बीच आम आदमी पार्टी  ने भाजपा के खिलाफ ‘लोकतंत्र की अर्थी’ यात्रा निकालकर कड़ा विरोध दर्ज किया है। विपक्ष की नेता आतिशी ने घोषणा की है कि यदि उनके 4 निलंबित विधायकों संजीव झा, जरनैल सिंह, कुलदीप कुमार और सोमदत्तका निलंबन रद्द नहीं किया जाता, तो पूरी पार्टी इस बजट सत्र का बहिष्कार करेगी। उन्होंने सत्ता पक्ष पर विपक्ष की आवाज़ दबाने का आरोप भी लगाया और कहा कि, यह लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। 

सदन का बहिष्कार करना संसदीय परंपरा के खिलाफ-विजेंद्र गुप्ता

दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने सदन में कहा कि मैं विपक्ष के माननीय सदस्यों और विपक्ष के नेता द्वारा सदन के बाहर किए जा रहे प्रदर्शन की कड़ी निंदा करता हूं। सदन का बहिष्कार करना और कार्यवाही में भाग न लेना सदन की गरिमा और संसदीय मर्यादा के पूरी तरह खिलाफ है।

उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सदन ही वह स्थान है जहां चर्चा और संवाद होना चाहिए। लेकिन विपक्ष द्वारा बजट सत्र से दूरी बना लेने पूरी तरह से गलत है। खासतौर से दिल्ली का बजट पेश किया जा रहा है, विपक्ष की भागीदारी और उनका शामिल होना बहुत जरूरी है। चर्चा छोड़कर बाहर प्रदर्शन करना स्थापित संसदीय परंपराओं के खिलाफ है। 

प्रधानमंत्री नेता नहीं नायक, साधक नहीं सेवक-सीएम रेखा गुप्ता

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि विजन के साथ काम करने वाले देश के प्रधानमंत्री को मैं बधाई देना चाहती हूं। उन्होंने ईमानदारी, मेहनत, निष्ठा, कर्तव्य आदि के मायने दुनिया को दिखाए। उन्होंने लगातार देशहित में काम कर दुनिया को दिखाया है। देश का मान बढ़ाने वाले नेता नरेंद्र मोदी हैं। देश को गड्ढों से निकालकर उन्होंने बुलंद इमारत बनाई है। उन्होंने अपने शासन के माध्यम से जवाबदेही, पारदर्शिता के साथ देश को आगे बढ़ाने का काम किया है। सभी मिलकर अभिनंदन प्रस्ताव को पारित करें। 

पीएम मोदी पर भ्रष्टाचार की दाग नहीं-प्रवेश वर्मा

प्रवेश वर्मा ने कहा कि पीएम के इतने बड़े कार्यकाल में उन पर भ्रष्टाचार का कोई दाग नहीं है। हम चाहते हैं कि वह स्वस्थ रहें और देश की बागडोर संभालते रहें। सांसद रहते हुए मेरा उनसे मिलना हुआ तो मैंने अस्पताल और सड़क की मांग की थी। उन्होंने पलभर में दोनों मांगों को पूरा किया।

इस बजट का नाम 'ग्रीन बजट'- मनजिंदर सिंह सिरसा

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा है कि 'मैं अपने मुख्यमंत्री का तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं, जो कल दिल्ली का दूसरा बजट पेश करने जा रही हैं। इस बजट की खासियत यह है कि हम पिछले तीस सालों से दिल्ली में पर्यावरण से जुड़ी समस्याओं से लड़ रहे हैं, और सभी सरकारें इसमें नाकाम रही हैं। यह बजट दिल्ली के पर्यावरण को बचाने के लिए है। यह बजट दिल्ली को साफ पानी और साफ हवा देने के लिए है। इसीलिए इस बजट का नाम 'ग्रीन बजट' रखा गया है।'

पालम अग्निकांड पर जताया दुख

दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद ने हाल ही में हुए पालम अग्निकांड पर दुख जताया। इसके साथ ही आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल के दौरान हुए दिल्ली में सभी अग्निकांड को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 'आप' सरकार ने दिल्ली फायर सर्विस को सुधारने के लिए कोई कदम नहीं उठाए। इसके साथ ही पालम हादसे को लेकर सदन में मृतकों को श्रद्धांजलि दी। सदन में दो मिनट का मौन रखा गया।  विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो, इसके प्रयास किए जाएं।

IIT मद्रास के साथ समझौता

मनजिंदर सिंह सिरसा ने यह भी कहा कि हमने आईआईटी मद्रास के साथ स्मॉग-ईटिंग के लिए एक समझौता किया है। हमने उनसे यह स्टडी करने को कहा है कि क्या सड़कों पर हम जो स्मॉग-ईटिंग केमिकल की परतें बिछाते हैं, उससे सच में प्रदूषण कम होगा। अगर हां, तो कितना कम होगा और ये परतें कितने समय तक रहेंगी? इन सभी स्टडीज के लिए हमने आईआईटी मद्रास के साथ एक ड्राफ्ट पर साइन किया है। मुझे उम्मीद है कि वे अगले तीन महीनों के अंदर हमें यह जानकारी दे देंगे। उसके बाद, हम अगले कदम उठा पाएंगे।"  

इन मुद्दों पर केंद्रित हो सकता है बजट 

  • महिलाओं और लड़कियों के लिए विशेष योजनाओं की घोषणा संभव है।
  • दिल्ली को ‘ग्लोबल हब’ बनाने के लिए सड़कों और परिवहन (EV बसें) पर बड़ा निवेश।
  • जीटीबी अस्पताल और अन्य सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों का एम्स (AIIMS) की तर्ज पर विलय कर ‘स्वायत्त संस्थान’ बनाने का प्रस्ताव।
  • गिग वर्कर्स और दैनिक मजदूरों के लिए सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर फोकस।

कल पेश होगा बजट

ताया जा रहा है कि दिल्ली विधानसभा सदन की कार्यवाही दोपहर 1:45 बजे तक स्थगित कर दी गई है। रेखा सरकार विधानसभा में 24 मार्च को विकसित दिल्ली का बजट पेश करेगी। बजट में दिल्ली के आम लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिसमें खासतौर से महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण,बिजली और पानी की बेहतर सप्लाई, बरसात में जल भराव की समस्या से छुटकारा, वायु प्रदूषण पर कंट्रोल, यमुना की सफाई, शिक्षा के विस्तार, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, बुनियादी ढांचे के विकास और रोजगार के अवसरों शामिल किया जाएगा। 

7