Dhurandhar 2: फिल्म धुरंधर द रिवेंज फैंस के बीच जबरदस्त क्रेज पैदा कर चुकी है। बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई करने वाली ये फिल्म अब नए विवादों में घिर गई है। रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म के खिलाफ मुंबई में सिख समुदाय के एक संगठन ने शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि फिल्म के एक पोस्टर और सीन में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई गई है।
यह शिकायत ‘सिख्स इन महाराष्ट्र’ संगठन के अध्यक्ष सरदार गुरज्योत सिंह की ओर से दर्ज कराई गई है। संगठन का कहना है कि फिल्म से जुड़े कुछ विजुअल्स और कंटेंट सिख धर्म के प्रति असम्मानजनक हैं।
जानिए पूरा विवाद
विवाद की मुख्य वजह फिल्म का एक पोस्टर है, जिसमें रणवीर सिंह को सिख वेशभूषा- पगड़ी, दाढ़ी और कड़ा पहने में दिखाया गया है, जबकि वह सिगरेट पकड़े नजर आ रहे हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि ये धार्मिक प्रतीक सिख धर्म में बेहद पवित्र माने जाते हैं और इनके साथ इस तरह की इमेज पूरी तरह अस्वीकार्य है।
अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर गुरज्योत ने कहा, "आर. माधवन द्वारा निभाए गए एक किरदार को रणवीर सिंह से सिगरेट पीते हुए और गुरु गोविंद सिंह द्वारा रचित दशम ग्रंथ साहिब की पवित्र गुरबानी 'सूरा सो पहचानिये जो लड़े दीन के हेत' का पाठ करते हुए दिखाना बेहद दुखद और अस्वीकार्य है।"
'मेकर्स माफी मांगें, सीन डिलीट किए जाएं'
वीडियो में उन्होंने कहा कि अगर आदित्य धर, आर माधवन और रणवीर सिंह SGPC और सिख समुदाय से ईमानदारी से माफी नहीं मांगते हैं, तो उन्हें जहां भी वे दिखाई दें, काले झंडे दिखाएं। गुरज्योत ने कहा, "तुरंत माफी मांगें, वरना इतिहास ने दिखा दिया है कि सिख समुदाय क्या कर सकता है।"
The poster of the Pralay song from the film Dhurandhar 2 depicts a turbaned Sikh character holding a cigarette. This portrayal is deeply offensive and a serious violation of Sikh religious principles.
— Paramjit Singh Sarna (@ParamjitSSarna) March 12, 2026
In Sikh tradition, tobacco is strictly prohibited and regarded as a Bajjar… pic.twitter.com/ZoThF3K5Vp
संगठन ने मांग की है कि विवादित पोस्टर को तुरंत हटाया जाए और संबंधित सीन को फिल्म से डिलीट किया जाए। साथ ही, जब तक सुधार नहीं होते, फिल्म की स्क्रीनिंग पर रोक लगाने की भी मांग की गई है। शिकायत में फिल्म के कलाकारों, निर्देशक और निर्माताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की भी बात कही गई है।
फिलहाल, फिल्म के मेकर्स की ओर से इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। 19 मार्च 2026 को रिलीज हुई यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है।









