Logo
आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र में हुआ भीषण हादसा। अनियंत्रित कैंटर ने सड़क पार कर रहे लोगों और वाहनों को कुचल दिया। मामा चौक पर पहले दो युवकों को कुचला। पकड़े जाने के डर से चालक ने वाहन की गति और बढ़ा दी, जिसके बाद उसने एक बाइक और ऑटो को भी अपनी चपेट में ले लिया।

हरियाणा के झज्जर जिले के अंतर्गत बहादुरगढ़ में सोमवार दोपहर तेज रफ्तार कैंटर काल बनकर सड़क पर उतरा और देखते ही देखते सात लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। आरोपी चालक वारदात के बाद वाहन छोड़कर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

मामा चौक पर दो युवकों को कुचला 
यह भीषण हादसा दिल्ली-रोहतक रोड पर स्थित आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र (MIE) के पास 'मामा चौक' पर हुआ। दोपहर के वक्त एक अनियंत्रित कैंटर बेहद तेज गति से चौक की ओर आया। सबसे पहले इसकी चपेट में सड़क पार कर रहे दो पैदल युवक आ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों के शरीर क्षत-विक्षत हो गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पकड़े जाने के डर से और तेज भगाया कैंटर 
दो लोगों को कुचलने के बाद चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसे पकड़े जाने के डर से और तेज दौड़ा दिया। भागने की फिराक में उसने कैंटर को बाईपास की ओर मोड़ दिया। यहां मौत का खेल यहीं नहीं रुका, बेकाबू वाहन ने मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर में बाइक सवार योगेंद्र (30) की जान चली गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद भी चालक ने ब्रेक नहीं लगाए और आगे जाकर एक ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी।

ऑटो सवार महिला समेत कई लोग घायल 
कैंटर की चपेट में आने से ऑटो में सवार लाइनपार निवासी प्रेम (महिला), उनके पति कृष्ण और चालक जयवीर बुरी तरह जख्मी हो गए। सड़क पर अचानक हुए इस हमले जैसी स्थिति से अफरा-तफरी मच गई। कई राहगीरों ने इधर-उधर भागकर अपनी जान बचाई। सड़क पर क्षत-विक्षत शव और घायलों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े। 

फ्लाईओवर के पिलरों के बीच फंसा वाहन 
ऑटो को टक्कर मारने के बाद चालक कैंटर को नजफगढ़ फ्लाईओवर की दिशा में ले गया। वह वाहन को भगाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन अनियंत्रित कैंटर फ्लाईओवर के नीचे बने दो पिलरों के बीच जाकर बुरी तरह फंस गया। वाहन के फंसते ही चालक उसे वहीं छोड़कर मौके से भाग निकला। पुलिस ने अब कैंटर को अपने कब्जे में ले लिया है और पिलरों के बीच फंसे वाहन को निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। 

अस्पताल में मचा कोहराम 
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान बिहार के छपरा निवासी अशोक (32) और शंभू (22) के रूप में हुई है, जबकि तीसरा मृतक हरियाणा के कानोंदा का रहने वाला योगेंद्र (30) है। घायल महिला प्रेम की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें रोहतक पीजीआई (PGI) रेफर किया गया है।

फरार चालक की तलाश शुरू 
बहादुरगढ़ पुलिस ने कैंटर के नंबर के आधार पर मालिक और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ हत्या की कोशिश और लापरवाही से वाहन चलाने की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। 

7