Logo
फूल कुंवार 21 और 22 मार्च को चंडीगढ़ में आयोजित प्रतियोगिता में हिस्सा लेने गए थे जिसके बाद जब वह घर लौट रहे थे तब सोनीपत के राठधाना और नरेला के बीच रेलवे ट्रैक पर मिला हालांकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

भिवानी के रहने वाले 70 वर्षीय अंतरराष्ट्रीय एथलीट फूल कुंवार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है।चंडीगढ़ में आयोजित 'खेलो इंडिया' प्रतियोगिता में 3 मेडल (2 गोल्ड और 1 सिल्वर) जीतकर घर लौट रहे इस जांबाज खिलाड़ी का शव सोनीपत के राठधाना और नरेला के बीच रेलवे ट्रैक पर मिला।

जीत की खुशी मातम में बदली
फूल कुंवार 21 और 22 मार्च को चंडीगढ़ में आयोजित प्रतियोगिता में हिस्सा लेने गए थे। वहां उन्होंने हाई जंप और हैमर थ्रो में गोल्ड और शॉट पुट में सिल्वर मेडल जीता था। रविवार शाम को वे कालका-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस से दिल्ली होते हुए भिवानी लौट रहे थे, लेकिन सोनीपत के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया।

परिजनों ने उठाए सवाल
घटना के समय फूल कुंवार के साथ भिवानी के दो अन्य साथी भी ट्रेन में सफर कर रहे थे। परिजनों का कहना है कि वे पूरी तरह स्वस्थ और खुश थे, ऐसे में अचानक ट्रेन से गिरना समझ से परे है।आशंका जताई जा रही है कि या तो वे पैर फिसलने से गिरे या किसी ने धक्का दिया।परिवार ने रेलवे और ट्रेन के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की मांग की है ताकि सच्चाई सामने आ सके।

शानदार रहा खेल करियर
1982 में बनाया था नेशनल रिकॉर्ड फूल कुंवार का खेल जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा रहा है। 1978 से 1986 के बीच उन्होंने पोल वॉल्ट (बांस कूद), शॉट पुट और हैमर थ्रो में सैकड़ों मेडल जीते।जर्मनी, जापान, चीन और मलेशिया जैसे देशों में भारत का प्रतिनिधित्व किया।खेल कोटे से 1978 में हरियाणा पुलिस में ASI भर्ती हुए और बाद में रेलवे में चीफ टिकट इंस्पेक्टर के पद से रिटायर हुए।70 की उम्र में भी वे रोजाना 4 घंटे अभ्यास करते थे और युवा खिलाड़ियों को ट्रेनिंग देते थे।

पुलिस की कार्रवाई
सोनीपत जीआरपी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साथियों के बयान के आधार पर ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

7