Logo
पुलिस मासूम को झाड़ियों में फेंकने की परिस्थितियों की जांच कर रही। साथ ही आसपास में हाल ही में हुए प्रसवों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा ताकि दोषियों को पकड़ा सके।

हरियाणा के नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका उपमंडल के अंतर्गत आने वाले गांव बसई में सोमवार को किसी अज्ञात व्यक्ति ने शिशु को कटीली झाड़ियों के बीच लावारिस हालत में छोड़ दिया। बच्चे के लगातार रोने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और राहगीरों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी, जिसके बाद मासूम को सुरक्षित बचाया जा सका। 

रोने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोग 
सोमवार सुबह गांव बसई के पास से गुजर रहे कुछ राहगीरों को सड़क किनारे झाड़ियों से किसी बच्चे के बिलखने की आवाज सुनाई दी। जब लोग आवाज की दिशा में बढ़े, तो वहां का नजारा देख दंग रह गए। एक नन्हा शिशु लावारिस हालत में पड़ा हुआ था। घटना की खबर फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने बिना देरी किए फिरोजपुर झिरका सदर थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी। 

पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया 
सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी (SHO) सुभाष अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत नवजात को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों की टीम बच्चे की सेहत पर लगातार नजर रख रही है। फिलहाल मासूम की हालत स्थिर बताई जा रही है और उसे उचित चिकित्सा देखभाल दी जा रही है।

हाल में हुए प्रसवों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा 
पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने में जुट गई है कि आखिर किस पत्थर दिल इंसान ने इस मासूम को मरने के लिए झाड़ियों में फेंक दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभिन्न कोणों से जांच कर रही है। आसपास के इलाकों में हाल ही में हुए प्रसवों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है ताकि बच्चे के माता-पिता या उसे छोड़ने वाले व्यक्ति तक पहुंचा जा सके। 

आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ली जा रही मदद
एसएचओ सुभाष ने बताया कि बच्चे की शिनाख्त के लिए स्थानीय स्तर पर प्रयास तेज कर दिए गए हैं। क्षेत्र की आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं से संपर्क कर गर्भवती महिलाओं और हालिया डिलीवरी के आंकड़ों का मिलान किया जा रहा है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और दोषियों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों का भी सहारा लिया जा रहा है। 

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ। 

7