Kangana Ranaut birthday: बॉलीवुड अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत (Kangana Ranaut) ने अपना 40वां जन्मदिन बेहद खास अंदाज में मनाया। इस मौके पर उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से खास मुलाकात की, जो उनके लिए इस साल का सबसे यादगार पल बन गया। 23 मार्च को कंगना अपने परिवार के साथ पीएम मोदी से मिलने पहुंची जहां से उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं।
पीएम मोदी से कंगना की खास मुलाकात
कंगना अपने परिवार के साथ प्रधानमंत्री से मिलने पहुंचीं। इस दौरान उनकी बहन रंगोली रनौत और भाई अक्षत रनौत भी मौजूद रहे। अभिनेत्री ने इस खास मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा कि उन्हें प्रधानमंत्री का समय और मार्गदर्शन मिला, जो उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा।
तस्वीरों में कंगना प्रधानमंत्री मोदी को हिमाचली शॉल भेंट करती नजर आईं। साथ ही उन्होंने उन्हें फूलों का गुलदस्ता भी दिया। वहीं, उनके भाई ने प्रधानमंत्री को दशावतार की झलक दिखाने वाला पीतल का फ्रेम गिफ्ट किया।
कंगना का वर्क फ्रंट
वर्कफ्रंट की बात करें तो कंगना आखिरी बार फिल्म इमरजेंसी में नजर आई थीं, जो पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के जीवन पर आधारित थी। हालांकि यह फिल्म रिलीज से पहले विवादों में घिर गई थी और बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं कर पाई।
अब कंगना जल्द ही एक नए थ्रिलर प्रोजेक्ट में नजर आएंगी, जिसमें उनके साथ आर. माधवन दिखाई देंगे। दिलचस्प बात यह है कि यह जोड़ी लगभग 10 साल बाद फिर से स्क्रीन शेयर करने जा रही है। इस फिल्म का निर्देशन ए.एल. विजय कर रहे हैं।









