Delhi Crime: साउथ दिल्ली के थाना तिगड़ी इलाके में स्थित कृष्णा पार्क से दिनदहाड़े चाकूबाजी का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां पर परचून की दुकान चलाने वाले 2 भाइयों पर अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल पुलिस ने स्थानीय लोगों के बयान दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, घायलों की पहचान 43 साल के दुकान मालिक परवीर और उनके भाई 38 वर्षीय विकास के तौर पर हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि बीते दिन शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच देवली रोड पर परचून की दुकान चलाने वाले दो भाइयों पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया और मौके से भाग गए।
हालांकि इस हमले के पीछे की सटीक वजह का अभी पता नहीं लग पाया है। लेकिन शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावर लूट की नीयत से दुकान पर पहुंचे थे। पैसे न देने पर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद आरोपियों ने दोनों भाइयों पर चाकुओं से हमला कर दिया।
कंधे और सिर पर गंभीर चोट
हमले के वक्त दोनों भाइयों के कंधे और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना से नाराज लोगों ने देवली रोड पर जाम लगा दिया और पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही तिगड़ी के SHO पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास किया।
लोगों को समझाकर ट्रैफिक खुलवाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। दक्षिणी जिला के डीसीपी अनंत मित्तल का कहना है कि आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें लगा दी गई हैं, वहीं संभावित इलाकों में छापेमारी की जा रही है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इलाके में पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है।








