Gurugram Rape Case: गुरुग्राम में 4 साल की बच्ची से दुष्कर्म के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। इस मामले में कोर्ट ने हरियाणा सरकार और DGP को नोटिस जारी करके केस में CBI या SIT जांच की मांग पर जवाब मांगा है। कोर्ट ने गुरुग्राम के पुलिस कमिश्नर व जांच अधिकारी को 25 मार्च को सभी रिकॉर्ड के साथ पेश होने का आदेश दिया है।
इसके अलावा केस को संवेदनहीन तरीके से संभालने के आरोपों पर जिला जज को कोर्ट ने निर्देश देते हुए कहा कि वे संबंधित मजिस्ट्रेट से जवाब की मांग करें। कोर्ट ने वरिष्ठ वकील मुकुल रोहतगी की ओर से मामले का तुरंत जिक्र किए जाने पर संज्ञान लिया है।
4 फरवरी को पिता ने दी शिकायत
जानकारी के मुताबिक 4 फरवरी को एक शख्स ने थाना सेक्टर-53 में इस मामले की शिकायत दी थी। शख्स का कहना था कि उनकी बेटी के साथ उनकी ही सोसायटी की 2 मेड और एक व्यक्ति ने यौन शोषण किया है। पिता ने आरोप लगाया था कि यह वारदात दिसंबर 2025 और जनवरी 2026 के बीच हुई थी। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया था, लेकिन इस मामले में लंबे वक्त तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी।
इसके बाद यह पूरा मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया था। पीड़ित बच्ची ने मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराए थे। मामला जब सुप्रीम कोर्ट पहुंचा तो पुलिस एक्टिव हो गई, जिस के बाद टीम ने आनन-फानन में बीते शनिवार को 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी मेड संगीता यूपी एटा की जबकि दूसरी आरोपी मेड पकीला पश्चिम बंगाल के नदिया की रहने वाली है।आरोपियों की उम्र 30 से 32 साल के आसपास है।
CBI या SIT जांच की मांग
सुप्रीम कोर्ट ने आज 23 मार्च सोमवार को इस मामले में सुनवाई की है। पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सर्वोच्च अदालत ने कड़ा रुख अपनाया है। जिसके बाद अदालत ने हरियाणा सरकार, हरियाणा के DGP समेत अन्य को नोटिस जारी किया। याचिका में इस मामले की जांच को लेकर CBI या SIT से कराने की मांग की गई है। चीफ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की बेंच ने गुरुग्राम के पुलिस कमिश्नर और जांच अधिकारी तलब कर लिया है।
वरिष्ठ वकील मुकुल रोहतगी ने कोर्ट को बताया कि पीड़ित बच्ची की ओर से मजिस्ट्रेट के सामने इस भयानक कांड का बयान दिया गया है, इसके बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। वकील ने यह भी आरोप लगाया है कि पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित नहीं किया है, ना कोई CCTV फुटेज लिया गया है। इस खौफनाक कांड में घर की नौकरानियां भी शामिल हैं।










