Logo
जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने पिछले एक साल के भीतर ही 33 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं। उन्होंने सभी नियुक्तियां पूरी तरह पारदर्शी रही हैं।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को साइबर सिटी गुरुग्राम का दौरा किया, जहां उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए विपक्ष पर तीखे प्रहार किए। सेक्टर-91 के कांकरौला गांव में आयोजित 'विकसित बादशाहपुर' महारैली को संबोधित कर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वर्तमान सरकार का मुख्य ध्येय समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का उत्थान करना है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और गरीबों के लिए चलाई जा रही योजनाओं पर जोर दिया। 

33 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान कीं  
जनसभा को संबोधित कर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने पिछले एक साल के भीतर ही 33 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं। उन्होंने गर्व के साथ कहा कि ये नियुक्तियां पूरी तरह पारदर्शी रही हैं, जिनमें किसी भी प्रकार की 'सिफारिश या रिश्वत' (बिना खर्ची-पर्ची) का स्थान नहीं था। सीएम ने सीईटी (CET) परीक्षा का जिक्र करते हुए कहा कि हरियाणा के इतिहास में पहली बार सरकार ने परीक्षार्थियों को उनके घर से परीक्षा केंद्र तक सुरक्षित पहुंचाने की जिम्मेदारी उठाई, जिससे युवाओं का विश्वास व्यवस्था पर बढ़ा है।

जल्दी कई अन्य बड़े विकास प्रोजेक्ट्स की होगी घोषणा  
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सरकार गरीबों को प्राथमिकता के आधार पर पक्के मकान उपलब्ध करा रही है। मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत 2709 लाभार्थियों को उनके फ्लैट की चाबियां सौंपी गईं। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए आरआरटीएस (RRTS) परियोजना के कार्य में तेजी लाने का आश्वासन दिया। कयास लगाए जा रहे हैं कि बादशाहपुर क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री जल्द ही कई अन्य बड़े विकास प्रोजेक्ट्स की घोषणा कर सकते हैं। 

दिग्गजों का जमावड़ा 
रैली की अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने की। मंच पर विधायक मुकेश शर्मा, तेजपाल तंवर, पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जैनपुरिया और पूर्व विधायक सत्यप्रकाश जरावत जैसे दिग्गज नेता मौजूद रहे। हालांकि, इस राजनीतिक जमावड़े में स्थानीय सांसद राव इंद्रजीत सिंह और पटौदी की विधायक बिमला देवी की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बनी रही। बताया जा रहा है कि सांसद को औपचारिक निमंत्रण तो दिया गया था, लेकिन व्यक्तिगत आमंत्रण न मिलने के कारण उनके आने की संभावना पहले से ही कम जताई जा रही थी। 

शहीद दिवस पर नमन और सुरक्षा के कड़े इंतजाम 
रैली से पहले मुख्यमंत्री सेक्टर-57 स्थित मेफील्ड गार्डन पहुंचे, जहां उन्होंने शहीद दिवस के अवसर पर देश के अमर बलिदानियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम किए थे। रूट प्लान से लेकर पार्किंग और स्वच्छता तक की व्यवस्थाएं शनिवार शाम को ही पूरी कर ली गई थीं। मुख्यमंत्री शनिवार को ही गुरुग्राम पहुंच गए थे, जहां उन्होंने स्थानीय पदाधिकारियों के साथ आगामी रणनीति पर चर्चा की।

राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज 
सांसद राव इंद्रजीत सिंह की अनुपस्थिति को हाल ही में उनकी केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ हुई मुलाकात से जोड़कर देखा जा रहा है। दक्षिण हरियाणा की राजनीति और विकास को लेकर हुई उस चर्चा के बाद, इस रैली से उनकी दूरी कई राजनीतिक संकेत दे रही है। वहीं, पटौदी विधायक बिमला देवी का कार्यक्रम रद्द होना और उनका रैली में न पहुंचना भी लोगों के बीच कौतूहल का विषय बना रहा। 

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ। 

7