Logo
Price Hike: टाटा मोटर्स के फैसले में ऑटो सेक्टर में लागत का दबाव नजर आ रहा है। इसका सीधा असर ग्राहकों की जेब पर पड़ सकता है।

Price Hike: भारत की प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनी टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड (Tata Motors) ने अपने पैसेंजर व्हीकल पोर्टफोलियो की कीमतों में बढ़ोतरी की तैयारी कर ली है। कंपनी के अनुसार, नई कीमतें 1 अप्रैल 2026 से लागू होंगी। इस बढ़ोतरी का असर कार और SUV दोनों सेगमेंट पर पड़ेगा। कंपनी ने जानकारी दी है कि कीमतों में औसतन 0.5% तक की वृद्धि की जाएगी। हालांकि, यह बढ़ोतरी सभी मॉडल्स और वेरिएंट्स के अनुसार अलग-अलग हो सकती है। यानी कुछ गाड़ियों पर इसका असर ज्यादा होगा, जबकि कुछ पर मामूली बदलाव देखने को मिलेगा।

क्यों बढ़ाए जा रहे हैं दाम?

  • टाटा मोटर्स ने साफ किया है कि यह फैसला बढ़ती इनपुट लागत के दबाव को देखते हुए लिया गया है। कच्चे माल, मैन्युफैक्चरिंग और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी लागत में लगातार इजाफा हो रहा है, जिससे कंपनी के प्रोडक्शन खर्च पर असर पड़ रहा है। ऐसे में कीमतों में यह वृद्धि उस बढ़ते खर्च को आंशिक रूप से संतुलित करने के लिए की जा रही है।
  • खास बात यह है कि यह प्राइस हाइक मुख्य रूप से ICE (Internal Combustion Engine) वाहनों पर लागू होगी। यानी पेट्रोल और डीजल से चलने वाली कारों की कीमतों में बढ़ोतरी होगी, जबकि इलेक्ट्रिक व्हीकल्स (EV) पर इसका असर सीमित या नहीं के बराबर हो सकता है।

ऑटो सेक्टर में बढ़ती लागत का असर
ऑटो इंडस्ट्री के जानकारों का मानना है कि यह सिर्फ एक कंपनी तक सीमित नहीं है। कच्चे माल की कीमतों में बढ़ोतरी और सप्लाई चेन से जुड़ी चुनौतियों के कारण कई ऑटो कंपनियां कीमतों में संशोधन कर रही हैं। ऐसे में आने वाले समय में अन्य कंपनियां भी इसी तरह के कदम उठा सकती हैं।

टाटा मोटर्स का यह फैसला साफ तौर पर दिखाता है कि ऑटो सेक्टर में लागत का दबाव बढ़ रहा है, जिसका सीधा असर ग्राहकों की जेब पर पड़ सकता है। अगर आप नई कार खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो 1 अप्रैल से पहले खरीदारी करना आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।

(मंजू कुमारी)

7