Delhi-Haryana Weather Update: दिन में ही नहीं अब रात में झुलसा रही है दिल्ली की लू, सालों का रिकॉर्ड टूटा, हरियाणा में ऐसा रहेगा मौसम

Delhi Haryana Weather Updates
X
दिल्ली और हरियाणा के लोगों को जल्द मिलेगी भीषण गर्मी से निजात।
दिल्ली और हरियाणा में दिन में ही नहीं रात के समय भी झुलसा देने वाली गर्म लू की मार सहनी पड़ रही है। दिल्ली और हरियाणा में 20 जून से लोगों को गर्मी से राहत मिलने का अनुमान जताया गया है।

Delhi-Haryana Weather Update: दिल्ली वालों को अब दिन में ही नहीं रात के समय भी झुलसा देने वाली गर्म लू की मार सहनी पड़ रही है। रात का न्यूनतम पारा भी बहुत ज्यादा दर्ज हो रहा है। भारतीय मौसम विभाग केंद्र दिल्ली (IMD) के अनुसार, शनिवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री नीचे हुआ।

छह सालों का तोड़ा रिकॉर्ड

दिल्ली में पड़ रही प्रचंड गर्मी और भीषण लू की चपेट ने लोगों की आफत इस कदर बढ़ा दी है कि घर से निकलना भारी पड़ रहा है। वर्तमान अधिकतम और न्यूनतम पारे गत छह सालों का रिकॉर्ड तोड़ रहा है। आईएमडी के अनुसार, अभी कई दिन ऐसे ही भीषण गर्मी और लू की मार सहनी पड़ सकती है।

आईएमडी ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में सामान्य तौर पर अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 6 डिग्री ज्यादा है, जबकि दिल्ली में सबसे ज्यादा तापमान आया नगर में 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। रिज एरिया में अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस रहा। आईएमडी का कहना है कि अभी 18 जून तक दिल्ली वालों को भीषण गर्मी व झुलसती लू की मार सहनी पड़ेगी। आईएमडी ने इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया।

20 जून से मिलेगी राहत

वहीं, 19 जून को तापमान में गिरावट शुरू होगी जो अगले कई दिन जारी रह सकती है। संभावना जताई जा रही है कि 20 जून को दिल्ली में हलकी बारिश और तेज हवाएं राहत देने वाली हो सकती हैं।

हरियाणा का मौसम

हरियाणा में मौसम विभाग ने आज रविवार के लिए लू का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में शनिवार को नूंह में सबसे ज्यादा तापमान रहा। यहां अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7.5 डिग्री ज्यादा है। वहीं, प्रदेश में दिन के साथ रातें भी गर्म हो रही हैं। पलवल में रात का न्यूनतम तापमान 36.6 डिग्री तक पहुंच गया।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 18 जून तक ऐसे ही हालात रहेंगे। 19 जून को तापमान में गिरावट शुरू होगी जो अगले कई दिन जारी रह सकती है। वहीं, प्रदेश में 27 जून से 3 जुलाई के बीच मानसून के दस्तक देने की संभावना है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story