उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट: बीजेपी प्रत्याशी मनोज तिवारी ने राजनाथ सिंह के साथ किया रोड शो, फिर भरा नामांकन

Manoj Tiwari filed nomination
X
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मनोज तिवारी के समर्थन में रोड शो करते हुए।
उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी मनोज तिवारी ने आज नामांकन किया। उनके समर्थन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रोड शो किया।

Manoj Tiwari Filed Nomination: उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार मनोज तिवारी ने आज 1 मई को नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पहले उन्होंने यमुना बाजार स्थित मरघट वाले हनुमान जी का दर्शन किए। मनोज तिवारी के नामांकन केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल हुए। रक्षा मंत्री ने मनोज तिवारी के समर्थन में रोड शो किया। इस दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं का हुजूम दिखाई दिया।

राजनाथ सिंह ने मनोज तिवारी के लिए उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट की जनता से समर्थन करने की अपील की। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह जनसमर्थन देखकर साफ दिखाई दे रहा है कि मनोज तिवारी को जनता का प्रबल समर्थन प्राप्त है। दिल्ली की 7 की 7 लोकसभा सीटों पर भाजपा अपनी विजय पताका फहराने में कामयाब होगी। INDIA गठबंधन दिल्ली में और पूरे देश में भी कहीं दिखाई नहीं दे रहा है।

अंतरराष्ट्रीय जगत में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी

रक्षा मंत्री ने रोड शो के दौरान कहा कि हमारा भारत पीएम मोदी के नेतृत्व में एक नई सोच के साथ आगे बढ़ रहा है। दुनिया देख रही है कि भारत अब पहले का भारत नहीं रहा है बल्कि भारत अब दुनिया का एक ताकतवर देश बन गया है। अंतरराष्ट्रीय जगत में भारत की प्रतिष्ठा तेजी के साथ बढ़ी है। पहले भारत अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कुछ बोलता था तो भारत की बातों को गंभीरता पूर्वक नहीं लिया जाता था। लेकिन भारत आज कुछ भी बोलता है तो पूरी दुनिया कान खोलकर सुनता है कि आखिर क्या बोल रहा है।

मनोज तिवारी के सामने कन्हैया कुमार मैदान में

बता दें कि उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से मनोज तिवारी के सामने इंडिया गठबंधन से कन्हैया कुमार उम्मीदवार हैं। अब हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि वे कब नामांकन करेंगे। दिल्ली में छठे चरण में 25 मई को मतदान होना है। इसके लिए 29 अप्रैल से नामांकन की प्रक्रिया शुरु हुई है जो कि 6 मई तक किया जा सकेगा।

उसके बाद 7 और 8 मई को नामांकन पत्रों की जांच होगी। नामांकन पत्र में कोई कमी पाए जाने पर प्रत्याशी को उसे सुधारने एक निश्चित समय सीमा दी जाएगी जिसमें वो उस कमी को पूरा कर सकते हैं। 9 मई को नामांकन पत्र वापस लिया जा सकेगा। इसके बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।

ये भी पढ़ें:- बीजेपी प्रत्याशी हर्ष मल्होत्रा ने किया नामांकन, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने किया रोड शो

तीसरी बार मैदान में मनोज तिवारी

उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट परिसीमन के बाद 2008 में वजूद में आई थी। इसके बाद इस सीट पर 2009 में पहली बार लोकसभा का चुनाव हुआ। जिसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जय प्रकाश अग्रवाल ने एकतरफा जीत हासिल की थी। हालांकि, 2014 के चुनाव में अग्रवाल तीसरे नंबर पर खिसक गए और बीजेपी के मनोज तिवारी ने पहली बार यहां कमल खिलाया।

इसके बाद 2019 में कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्गज नेता शीला दीक्षित को इस सीट से उतारा लेकिन वह भी मनोज तिवारी के सामने नहीं टिक पाईं और उन्हें हार का सामना करना पड़ा और मनोज तिवारी दूसरी बार सांसद बने। अब तीसरी बार भी बीजेपी ने उन्हें मैदान में उतारा है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story