जगदलपुर। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद के सफाए के ऐलान के बाद बस्तर संभाग में फोर्स नक्सलियों के सफाए के लिए लगातार उतर व दक्षिण बस्तर के कोर इलाके व अबूझमाड़ व नेशनल पार्क क्षेत्र में आपरेशन संचालित कर रही है। फोर्स के निशाने पर आठ वर्दीधारी नक्सलियों समेत लगभग 50 नक्सली हैं जिनसे लगातार समर्पण की अपील की जा रही है। ऐसा नहीं होने पर उन्हें फोर्स का सामना करना पड़ेगा। काउंट डाउन शुरू हो चुका है और बचे हुए नक्सलियों के पास केवल 18 दिन हैं। इस तिथि के भीतर समर्पण नहीं करने पर इन 8 टॉप मोस्ट नक्सलियों समेत लगभग 50 नक्सली जो फोर्स की हिटलिस्ट में हैं उन्हे टॉरगेट किया जाएगा।
बचे हुए इन नक्सलियों में 40-40 लाख के ईनामी किस्टाराम निर्मलगुड़ा निवासी एसजेडसीएम व दक्षिण सब जोनल ब्यूरो प्रमुख पापाराव कुड़म उर्फ सुन्नम चंदैरया उर्फ मंगू दादा उर्फ चन्द्रना तथा एण्डापाट चिंतागुफा निवासी डीकेएसजेडसी मेंबर, सीवायपीसीएम कमाण्डर कम्पनी नम्बर 2 व पीएलजीए बटालियन नम्बर एक केसा सोढ़ी के अलावा 8-8 लाख के ईनामी पालामइगू पोलमपल्ली निवासी डीवीसीएम दक्षिण बस्तर डिवीजन मिलिट्री कमाण्डर इन चीफ हेमला विज्जा व डीवीसीएम व आदेरबेड़ा ओरछा निवासी परतापुर एरिया कमेटी सचिव चंदर कतलाम के अलावा 5-5 लाख के ईनामी कोत्तागुड़ा बासागुड़ा निवासी एसीएम जगरगुण्डा एरिया कमेटी किशोर उर्फ आयतु डोडी, आध्रप्रदेश निवासी उतर बस्तर डिवीजन परतापुर एरिया कमेटी एसीएम रूपी पति विजय रेड्डी, बड़ेपल्ली बीजापुर निवासी एसीएम मगेंश परचापी उर्फ सोमलू तथा कोटमेटा मर्दापाल निवासी एसीएम मनीषा कोर्राम मेंबर परतापुर एरिया कमेटी समेत लगभग 50 नक्सली फोर्स के हिट लिस्ट में जिन्हे जल्द समर्पण करने लगातार अपील की जा रही है। निर्धारित तिथि के भीतर समर्पण नहीं करने पर उन्हे फोर्स का सामना करना पड़ सकता है।










