भिलाई। दुर्ग जिले के समोदा गांव में पकड़ी गई अवैध अफीम की खेती मामले का अब राजस्थान से कनेक्शन सामने आया है। पुलिस ने राजस्थान के जोधपुर से अफीम का बीज सप्लाई करने वाले छोटूराम नामक के व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, अब तक इस मामले में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, इनमें दो आरोपी राजस्थान के रहने वाले हैं। इनमें बीज सप्लाई करने वाले छोटूराम के अलावा अफीम खेती का मास्टरमाइंड विकास बिश्नोई भी राजस्थान का निवासी है। वहीं चौथा आरोपी मनीष ठाकुर समोदा गांव का रहने वाला है, जहां अफीम की खेती की जा रही थी। उल्लेखनीय है कि, खेत शिवनाथ नदी के किनारे ही स्थित है।
फसल की गई नष्ट
सूचना मिलने पर पुलिस ने दुर्ग जिले के समोदा–झेनझरी गांवों के मध्य लगभग 5 एकड़ 62 डिसमिल भूमि पर लगी अफीम की फसल को नष्ट कराया। मौके से हजारों अफीम के पौधे, कई किलो डोडा और फूल जब्त किए गए हैं। जब्त की गई अफीम की अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
रिमांड में लिए गए हैं आरोपी
फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस रिमांड पर पूछताछ की जा रही है, ताकि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके। इस पूरी कार्रवाई के लिए दुर्ग के एसएसपी विजय अग्रवाल ने एसीसीयू दुर्ग, थाना पुलगांव और चौकी जेवरा-सिरसा की संयुक्त पुलिस टीम की सराहना की है।










