नगर पंचायत पलारी में उपाध्यक्ष पद की जंग : बीजेपी बचाएगी कुर्सी या कांग्रेस करेगी कब्जा, दोनों दल की निर्दलीय पर नजर

Balodabazar district, Nagar Panchayat Palari,  Congress BJP, Chhattisgarh News In Hindi
X
नगर पंचायत पलारी
नगर पंचायत पलारी में कांग्रेस प्रत्याशी गोपी साहू ने भाजपा को 1000 से अधिक वोटों से हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमा लिया। अब निर्दलीय पर दोनों दल की नजर है। 

कुश अग्रवाल -बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के नगर पंचायत पलारी में हाल ही में हुए नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस ने बड़ा उलटफेर किया। कांग्रेस प्रत्याशी गोपी साहू ने भाजपा के गढ़ में सेंध लगाते हुए पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष और भाजपा के वरिष्ठ नेता यशवर्धन वर्मा को 1000 से अधिक वोटों से हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमा लिया। अब उपाध्यक्ष पद को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है, क्योंकि दोनों दलों के पास सात-सात पार्षदों का समर्थन है।

निर्दलीय पर दोनों दल की नजर

निर्णायक भूमिका निभाने वाले एकमात्र निर्दलीय पार्षद को अपने पक्ष में करने के लिए दोनों पार्टियां पूरी ताकत झोंक रही हैं। भाजपा की ओर से पूर्व पार्षद सुभाष वर्मा उपाध्यक्ष पद के दावेदार हैं, जबकि कांग्रेस ने नवनिर्वाचित युवा पार्षद पिंटू वर्मा को उम्मीदवार बनाया है। हालांकि अभी तक उपाध्यक्ष पद के चुनाव की अधिसूचना जारी नहीं हुई है, लेकिन दोनों ही दल अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए रणनीति बना रहे हैं।

इसे भी पढ़ें ... जिला पंचायत अध्यक्ष : भाजपा का सभी जिलों में, कांग्रेस का 25 जिलों में अध्यक्ष बनाने का दावा

उपाध्यक्ष पद भी कांग्रेस के खाते में जाएगा

नगर पंचायत पलारी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष गोपी साहू को भरोसा है कि, उपाध्यक्ष पद भी कांग्रेस के खाते में जाएगा, जिससे प्रशासनिक कार्यों को सुचारू रूप से चलाया जा सके। दूसरी ओर भाजपा अपने समर्थक पार्षदों को एकजुट रखते हुए निर्दलीय पार्षद को अपने पक्ष में लाने की कोशिश कर रही है।

राजनीतिक हलचल तेज

फिलहाल राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। दोनों दल किसी भी तरह का जोखिम लेने को तैयार नहीं हैं। भाजपा के पार्षदों के कथित रूप से लंबी छुट्टी पर जाने की खबरें भी आ रही हैं, जिससे अटकलें तेज हो गई हैं। अब देखना होगा कि, उपाध्यक्ष की कुर्सी किसके हाथ में आती है। कृक्या भाजपा इसे बचा पाएगी या कांग्रेस नगर पंचायत में पूरी तरह से कब्जा जमाने में सफल होगी।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story