haribhoomi hindi news
ICC ने महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए प्राइज मनी में 10% की बढ़ोतरी की है। विजेता टीम को करीब 22 करोड़ रुपये मिलेंगे। जानें सेमीफाइनल और ग्रुप स्टेज की जीत पर कितनी मिलेगी रकम।

ICC Women's T20 World Cup 2026 Prize Money: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने सोमवार, 13 अप्रैल को महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए प्राइज मनी की घोषणा की। इतिहास में पहली बार यह टूर्नामेंट 12 टीमों के साथ खेला जाएगा। इस बड़े ऐलान के साथ ही ट्रॉफी टूर की भी शुरुआत हो गई है। टूर्नामेंट का आयोजन 12 जून से इंग्लैंड और वेल्स की मेजबानी में होगा।

प्राइज मनी में 10% का इजाफा
आईसीसी ने इस बार प्राइज मनी के बजट में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। साल 2024 के टूर्नामेंट में कुल इनामी राशि लगभग 7.95 मिलियन डॉलर थी, जिसे अब बढ़ाकर 8.76 मिलियन डॉलर (लगभग 81 करोड़ 83 लाख रुपये) कर दिया गया है। यह फैसला महिला क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता और वैश्विक स्तर पर इसके विस्तार को देखते हुए लिया गया है।

विजेता और उप-विजेता पर होगी धनवर्षा
टूर्नामेंट जीतने वाली टीम को इस बार मोटी रकम मिलेगी। वर्ल्ड कप विजेता को 2.34 मिलियन डॉलर यानी करीब 21 करोड़ 84 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। वहीं, रनर-अप रहने वाली टीम को 1.17 मिलियन डॉलर (करीब 10 करोड़ 92 लाख रुपये) मिलेंगे। सेमीफाइनल में हारने वाली दोनों टीमों को भी 6.30 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।

हर जीत पर मिलेंगे लाखों रुपये
आईसीसी ने केवल नॉकआउट ही नहीं, बल्कि ग्रुप स्टेज की जीत के लिए भी इनाम तय किया है। ग्रुप स्टेज में मिलने वाली हर एक जीत पर टीम को करीब 29 लाख रुपये मिलेंगे। इसके अलावा, टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली सभी 12 टीमों को कम से कम 2 करोड़ 31 लाख रुपये की भागीदारी राशि मिलना तय है। इससे छोटी टीमों को आर्थिक मजबूती मिलेगी।

महिला क्रिकेट के विकास पर आईसीसी का जोर
आईसीसी के सीईओ संजोग गुप्ता ने इस फैसले पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह महिला क्रिकेट को मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि टीमों की संख्या 10 से बढ़ाकर 12 करना और प्राइज पूल को रिकॉर्ड स्तर पर ले जाना वैश्विक खेल के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इससे महिला एथलीटों का प्रभाव विश्व स्तर पर और बढ़ेगा।

7