SRH vs RR IPL 2026: आईपीएल 2026 के 21वें मुकाबले में आज यानी 13 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और राजस्थान रॉयल्स (RR) की टीमें आमने-सामने होंगी। हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में होने वाला यह मैच काफी रोमांचक होने की उम्मीद है। एक तरफ जहां राजस्थान की टीम अपने शुरुआती चारों मैच जीतकर अंक तालिका में टॉप पर बनी हुई है, वहीं हैदराबाद की टीम 4 में से केवल एक मैच जीत पाई है और सातवें स्थान पर है।
आज के मुकाबले में ईशान किशन, अभिषेक शर्मा और यशस्वी जायसवाल जैसे विस्फोटक बल्लेबाजों पर सबकी नजर रहेगी। वहीं गेंदबाजी में रवि बिश्नोई और हर्षल पटेल की रणनीतियां विपक्षी टीम के लिए काल साबित हो सकती हैं। मैदान के भीतर होने वाली इन व्यक्तिगत भिड़ंतों (Player Battles) ने इस मुकाबले को और भी रोमांचक बना दिया है।
ईशान किशन बनाम रवि बिश्नोई
इस मैच में सबसे दिलचस्प मुकाबला ईशान किशन और रवि बिश्नोई के बीच देखने को मिल सकता है। आंकड़ों की बात करें तो बिश्नोई अब तक ईशान पर पूरी तरह हावी रहे हैं। आईपीएल की 8 पारियों में बिश्नोई ने ईशान को 4 बार आउट किया है। इस दौरान ईशान उनके खिलाफ केवल 34 रन ही बना सके हैं और उनका औसत भी मात्र 8.5 का रहा है। ऐसे में आज बिश्नोई फिर से ईशान के लिए मुश्किल खड़ी कर सकते हैं।
अभिषेक शर्मा बनाम जोफ्रा आर्चर
सनराइजर्स के युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के सामने राजस्थान के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की चुनौती होगी। टी-20 क्रिकेट के रिकॉर्ड को देखें तो अभिषेक ने अब तक आर्चर का डटकर सामना किया है। 6 पारियों में अभिषेक ने आर्चर के खिलाफ 62 रन बनाए हैं और खास बात यह है कि आर्चर अब तक उन्हें एक बार भी आउट नहीं कर पाए हैं। हैदराबाद की टीम को आज फिर अभिषेक से ऐसी ही बेखौफ बल्लेबाजी की उम्मीद होगी।
यशस्वी जायसवाल बनाम हर्षल पटेल
एक और बड़ा मुकाबला राजस्थान के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और हर्षल पटेल के बीच होगा। यशस्वी अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं, लेकिन हर्षल पटेल की धीमी गेंदों के खिलाफ उन्हें सावधानी बरतनी होगी। अब तक आईपीएल की 4 पारियों में यशस्वी ने हर्षल के खिलाफ 15 रन बनाए हैं और एक बार अपना विकेट गंवाया है। यशस्वी आज इस रिकॉर्ड को सुधारने के इरादे से मैदान में उतरेंगे।
सनराइजर्स हैदराबाद के लिए बेहद अहम मैच
राजस्थान रॉयल्स के लिए यह मैच अपनी जीत की लय बरकरार रखने का मौका है, वहीं सनराइजर्स हैदराबाद के लिए यह टूर्नामेंट में वापसी करने की बड़ी चुनौती है। हैदराबाद के घरेलू मैदान पर बल्लेबाजों को मदद मिलने की उम्मीद है, लेकिन राजस्थान के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण को भेदना मेजबान टीम के लिए आसान नहीं होगा।









