haribhoomi hindi news
रीवा के संजय गांधी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में नशे में धुत पुलिस वालों ने जमकर हंगामा किया। इन पुलिस वालों के इस बर्ताव से कई मरीज असहज हो गए।

रीवा के संजय गांधी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में नशे में धुत पुलिस वालों ने जमकर हंगामा किया। बताया जा रहा है कि, तीन पुलिस वालों को एक कैदी की सुरक्षा में तैनात किया गया था। पुलिस वालों ने शराब पी, डस्टबिन में पेशाब किया और मरीजों के बेड पर लेट गए। इन पुलिस वालों के बर्ताव से कई मरीज असहज हो गए।

तीनों पुलिस वालों की पहचान सीधी पुलिस लाइन में पदस्थ प्रधान आरक्षण उदयराज सिंह, आरक्षक मनीष तिवारी और एएसआई नर्मदा प्रजापति के रूप में हुई है। तीनों की ड्यूटी एक बीमार कैदी की सुरक्षा में लगाई गई थी लेकिन ड्यूटी के समय पुलिस वाले नशे में धुत दिखाई दिए।

कैदी के साथ अस्पताल आए थे पुलिस वाले
जानकारी के अनुसार, सीधी जिले में बंद एक कैदी लल्लू साकेत की तबियत बिगड़ गई थी। पहले उसे जिला अस्पताल में भर्ती किया गया लेकिन बाद में उसे रीवा रेफर कर दिया गया। पुलिस वाले रविवार रात कैदी को लेकर अस्पताल पहुंचे। कैदी को अस्पताल में भर्ती किया गया। सुबह करीब 5 बजे तीनों पुलिस वाले नशे में पूरी तरह धुत थे। 

दो घंटे तक किया हंगामा
अस्पताल में लगे सीसीटीवी फुटेज में तीनों पुलिस वाले हंगामा करते नजर आ रहे हैं। प्रधान आरक्षण उदयराज सिंह मरीज के बेड पर लेटे नजर आए वहीं आरक्षक मनीष तिवारी ने डस्टबिन में पेशाब कर दी। इतना ही नहीं मनीष तिवारी ने तो अपनी वर्दी भी ड्रिप स्टैंड पर लटका दी। दो घंटे तक पुलिस वाले हंगामा करते रहे जिससे मरीज और उनके परिजन काफी असहज हो गए।

अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी
मामले की जानकारी मिलने पर सीधी पुलिस ने तीनों को वापस बुला लिया। उनकी जगह दूसरे पुलिस वालों को अस्पताल भेजा गया है। आरोपों और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। इसके बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

7