Awez-Nagma breakup: बिग बॉस 19 में नजर आ चुकी सोशल मीडिया की हिट जोड़ी इंफ्लुएंसर नगमा मिराजकर और आवेज़ दरबार के रिश्ते को लेकर पिछले कुछ समय से चर्चाएं तेज थीं। खबरें सामने आ रही थीं कि दोनों अलग हो गए हैं। हाल ही में आवेज की बर्थडे पार्टी में भी नगमा मौजूद नहीं हुईं जिससे अटकलें और तेज हो गईं। अब उनके ब्रेकअप की अफवाहों को कन्फर्म करते हुए बिग बॉस में उनकी को-पार्टिसिपेंट रहीं कुनिका सदानंद ने बड़ी बात कही है।
कुनिका सदानंद ने ब्रेकअप पर लगाई मुहर!
हाल ही में टेली मसाला के साथ बातचीत में कुनिका से अवेज़ और नगमा के ब्रेकअप की अफवाहों के बारे में पूछा गया, और उन्होंने पुष्टि करते हुए कहा, "यह बहुत भावुक करने वाला है क्योंकि दोनों के साथ मेरा बहुत अच्छा रिश्ता था। मैं दोनों को बहुत प्यार करती हूं। मुझे पता है कि नगमा और अवेज़ ने भी एक-दूसरे को बहुत सहारा दिया है।"

उन्होंने आगे कहा, "मेरी कामना है कि हो सकता है अगर कुछ सुलह हो जाए या कुछ हो जाए। जो भी हो। अगर नहीं भी हो, तो दोनों को अच्छे साथी मिलें क्योंकि वे उन्हें मिले थे और शायद नियति नहीं चाहती थी। लेकिन मुझे उम्मीद है कि उन्हें अच्छे साथी मिलेंगे।"
ऐसे शुरू हुई थी लव स्टोरी
आवेज़ दरबार और नगमा मिराजकर के रिश्ते की शुरुआत साल 2019 में हुई थी, जब दोनों के सोशल मीडिया वीडियोज और केमिस्ट्री ने लोगों का ध्यान खींचा। बाद में उन्होंने अपने रिश्ते को सार्वजनिक भी किया।
रियलिटी शो बिग बॉस 19 के दौरान दोनों का रिश्ता और चर्चा में आया। शो में आवेज़ ने नगमा को प्रपोज भी किया था, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था।

शादी की थी प्लानिंग, फिर आई दूरी
शो के बाद नगमा ने खुलासा किया था कि दोनों शादी की योजना बना रहे हैं। लेकिन हाल ही में आवेज़ के बर्थडे सेलिब्रेशन में नगमा की गैरमौजूदगी ने फैंस के बीच सवाल खड़े कर दिए। इसके बाद आवेज़ ने भी इशारों में कहा था कि वह इस मुद्दे पर जल्द ही खुलकर बात करेंगे, जिससे ब्रेकअप की खबरों को और हवा मिली।
बिग बॉस जर्नी की बात करें तो, न तो नगमा और न ही आवेज़ बिग बॉस की ट्रॉफी जीत पाए। नगमा तीसरे सप्ताह में ही बाहर हो गईं, जबकि अवेज़ भी शो के शुरुआती दौर में ही बाहर हो गए। गौरव खन्ना ने इस सीज़न का खिताब जीता था।









