रोहित शर्मा वर्ल्ड रिकॉर्ड से महज 8 रन दूर, विराट कोहली को छोड़ देंगे पीछे
भारतीय उप कप्तान रोहित शर्मा कप्तान विराट कोहली के टी20 क्रिकेट में सर्वाधिक रनों के रिकॉर्ड से महज आठ रन दूर हैं। रोहित शर्मा के पास रविवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टी20I में विराट कोहली को पीछे छोड़ने का शानदार मौका होगा।

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच रविवार को बेंगलुरु में होने वाले तीसरे टी20I मैच में भी भारतीय कप्तान विराट कोहली और उप-कप्तान रोहित शर्मा के बीच टी20I में वर्चस्व की लड़ाई जारी रहेगी। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की लिस्ट में रोहित शर्मा और विराट कोहली एक दूसरे के बेहद करीब है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ पिछले टी20 मैच में 72 रनों की शानदार पारी के बाद कप्तान कोहली रोहित से आगे निकल गए थे।
लेकिन रविवार को तीसरे टी20 में विराट कोहली का टी20 में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा तोड़ सकता है। रोहित शर्मा टी20 में सर्वाधिक रन के मामले में दाएं हाथ के बल्लेबाज विराट कोहली से महज आठ रन दूर है और ऐसे में वह शीर्ष स्थान हासिल कर सकता है। टी20I क्रिकेट में विराट कोहली के 2,441 रन हैं, जबकि रोहित शर्मा ने 2,434 रन बनाए हैं।
इस बीच रोहित शर्मा के साथी सलामी जोड़ीदार शिखर धवन टी20 क्रिकेट में 6,996 रन बना चुके हैं और उन्हें सबसे छोटे प्रारूप में 7,000 रन पूरे करने के लिए सिर्फ चार रन चाहिए। अगर वह ऐसा कर लेते हैं, तो धवन टी20 में ऐसा करने वाले कोहली, सुरेश रैना और रोहित के बाद केवल चौथे भारतीय बनेंगे।
बता दें कि भारत तीन मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 से आगे है। पहला टी20 बारिश की वजह से रद्द हुआ था जबकि मोहाली में दूसरे टी20 में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हराया था।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App