पीएम मोदी बोले- जंगलराज का सबसे बड़ा चेहरा राजद: कहा- बिहार में नीतीश जी और केंद्र के कामों पर वोट मांगता है घमंडिया अलायंस

PM Narendra Modi
X
गया में जनसभा को संबोधित करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मेादी।
PM Modi Bihar Visit: बिहार की गया लोकसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी हिंदुस्तान अवाम मोर्चा से प्रत्याशी हैं। मांझी लगातार दो बार यहां से चुनाव हार चुके हैं। वहीं, पूर्णिया में जदयू नेता संतोष कुशवाहा मैदान में है। वे दो बार से लगातार चुनाव जीत रहे हैं।

PM Modi Bihar Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार (16 अप्रैल) को बिहार पहुंचे। बीते 13 दिनों में उनका यह तीसरा बिहार दौरा है। पीएम की दो जनसभाएं- गया और पूर्णिया में हैं। गया के गांधी मैदान में आयोजित पहली जनसभा में पीएम मोदी ने कहा कि बिहार के लोगों को पता है कि यह चुनाव दल का नहीं, देश का चुनाव है। आज एक ओर देश की संस्कृति और गर्व करने वाले हम लोग हैं। वहीं दूसरी ओर हमारी आस्था को नीचा दिखाने वाले लोग हैं।

शक्ति के विनाश की बात करते हैं कांग्रेस के युवराज
पीएम मोदी ने राम मंदिर और राम नवमी का जिक्र किया। उन्होंने INDI गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि सूर्य की किरणें 17 अप्रैल को अयोध्या में रामलला के मस्तक का विशेष अभिषेक करेंगी। लेकिन, घमंडिया गठबंधन के लोगों को राम मंदिर से भी परेशानी है। जो लोग कभी भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे, वो आज राम मंदिर पर कैसी-कैसी भाषाएं बोल रहे हैं। एक समुदाय के तुष्टिकरण के लिए इन लोगों ने प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम तक का बहिष्कार कर दिया।

सनातन को गाली देने वाले कान खोलकर सुन लें
प्रधानमंत्री मोदी ने राहुल गांधी को कांग्रेस का युवराज कहकर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के युवराज खुलेआम कहते हैं कि वो हिंदू धर्म की शक्ति का विनाश कर देंगे। इनके दूसरे साथी हमारे सनातन धर्म को डेंगू, मलेरिया कहते हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि जो लोग सनातन को गाली देते हैं, वो कान खोलकर सुन लें कि भारत के संविधान को बनाने वाली संविधान सभा में भी 80-90% लोग सनातनी थे और उन सनातनियों ने इतना उत्तम संविधान बनाने में बाबा साहेब अंबेडकर का साथ दिया है।

घमंडिया अलायंस के पास न कोई विजन, न कोई विश्वास
मोदी ने लालू यादव-तेजस्वी यादव पर हमला करते हुए कहा कि घमंडिया अलायंस के पास न कोई विजन है, न कोई विश्वास है। ये लोग जब वोट मांगने जाते हैं, तो भी नीतीश जी के कामों पर वोट मांगते हैं। ये लोग क्यों नीतीश जी और केंद्र सरकार के कामों का क्रेडिट खाते हैं, वो पूरा बिहार जानता है। RJD ने भी इतने वर्षों तक बिहार पर राज किया है। लेकिन इनकी हिम्मत नहीं है कि अपनी सरकारों ने क्या काम किए, उसकी चर्चा कर लें।

बिहार में जंगलराज का सबसे बड़ा चेहरा राजद
जनता को जंगलराज की याद दिलाते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार में जंगलराज का सबसे बड़ा चेहरा राजद है। बिहार में भ्रष्टाचार का दूसरा नाम राजद है। बिहार की बर्बादी की सबसे बड़ी गुनाहगार राजद है। मोदी ने कहा कि RJD ने बिहार को केवल दो ही चीजें दी हैं- जंगलराज, और भ्रष्टाचार। इन्हीं का दौर था, जब बिहार में अपहरण और फिरौती एक उद्योग बन गया था। हमारी बहन-बेटियां घर से बाहर नहीं निकल पाती थी, हमारे गया जैसे इलाके नक्सली हिंसा की आग में जलते रहते थे। RJD ने बिहार के कितने ही परिवारों को बिहार छोड़कर जाने पर मजबूर कर दिया था।

NDA को 400 पार सीटें क्यों मिलेगी?
मोदी ने लोकसभा चुनाव में एनडीए के 400 पार के लक्ष्य का जिक्र करते हुए कहा कि घमंडिया गठबंधन वाले कहते हैं कि 400 पार क्यों? देश की जनता ने तय किया है 400 पार। क्योंकि देश की जनता 2047 में हिंदुस्तान को विकसित देखना चाहती है। लेकिन, देश को लूटने वालों को, भ्रष्टाचार करने वालों को, संविधान के साथ खिलवाड़ करने वालों को सजा देने के लिए भी देश की जनता NDA को 400 पार देना चाहती है। ये चुनाव NDA को जिताने का भी है, ये चुनाव देश में तबाही करने की आदत रखने वालों को सजा देने का भी है। इसलिए हिसाब 400 के पार जाने वाला है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story