AIADMK first list candidates: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए सियासी बिगुल फूंका जा चुका है। मुख्य विपक्षी दल और राज्य में एनडीए (NDA) गठबंधन के नेतृत्वकर्ता एआईएडीएमके (AIADMK) ने बुधवार को अपने 23 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने एक बार फिर अपने जनरल सेक्रेटरी के. पलानीस्वामी (K Palaniswami) पर भरोसा जताते हुए उन्हें उनके गृह क्षेत्र एडप्पाडी (Edappadi) से मैदान में उतारा है।
पार्टी के जनरल सेक्रेटरी के. पलानीस्वामी ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि गवर्निंग काउंसिल के फैसले के बाद 23 उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दिया गया है। पलानीस्वामी खुद सलेम जिले की अपनी पारंपरिक सीट 'एडप्पाडी' से चुनाव लड़ेंगे।
दिग्गजों को मिली अपनी पुरानी सीटें
पहली सूची में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल हैं। इसमें वेप्पनाहल्ली से के.पी. मुनुसामी, डिंडीगुल से सी. श्रीनिवासन, नाथम से आर. विश्वनाथन और थोंडमुथुर से एस.पी. वेलुमणि को फिर से मौका दिया गया है। इसके अलावा डी. जयकुमार को रॉयपुरम और ओ.एस. मनियन को वेलूर सीट से चुनावी मैदान में उतारा गया है। अनुभवी चेहरों को उतारकर पार्टी ने स्पष्ट कर दिया है कि वह सुरक्षित दांव खेलना चाहती है।
அனைத்திந்திய அண்ணா திராவிட முன்னேற்றக் கழக முதற்கட்ட வேட்பாளர்கள் பட்டியல்.
— AIADMK - SayYesToWomenSafety&AIADMK (@AIADMKOfficial) March 25, 2026
- மாண்புமிகு கழகப் பொதுச்செயலாளர் புரட்சித் தமிழர் @EPSTamilNadu அவர்கள் அறிவிப்பு. #EPSfor2026#Vote4AIADMK pic.twitter.com/HVvrcUtDpt
एनडीए गठबंधन में सीटों का तालमेल
तमिलनाडु में एआईएडीएमके, एनडीए (NDA) ब्लॉक का नेतृत्व कर रही है जिसमें बीजेपी (BJP) और पीएमके (PMK) जैसे दल शामिल हैं। हाल ही में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के साथ हुई बैठक के बाद तमिल मानिला कांग्रेस (जीके वासन गुट) के साथ भी समझौता हुआ है, जिसके तहत उन्हें 5 सीटें दी गई हैं। राज्य में मुख्य मुकाबला सत्ताधारी डीएमके (DMK) गठबंधन और एआईएडीएमके के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन के बीच माना जा रहा है।
चुनाव और नतीजों की तारीख
तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों के लिए 23 अप्रैल 2026 को एक ही चरण में मतदान होगा। चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 10 मई को समाप्त हो रहा है। एआईएडीएमके राज्य की पहली ऐसी बड़ी पार्टी बन गई है जिसने आंशिक रूप से ही सही, लेकिन सबसे पहले उम्मीदवारों के नामों का औपचारिक ऐलान किया है।










