Logo
आप विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा रेप, धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी देने के मामले में पिछले एक साल से भगौड़ा घोषित थे। पुलिस ने आज उन्हें मध्य प्रदेश के शिवपुरी से अरेस्ट कर लिया है।

पंजाब से एक के बाद एक आम आदमी पार्टी की छवि को खराब करने वाली खबरें सामने आ रही हैं। पहले आम आदमी पार्टी के पूर्व परिवहन मंत्री लालजीत भुल्लर को पंजाब वेयरहाउसिंग के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर गगनदीप सुसाइड मामले में इस्तीफा देना पड़ा, साथ ही केस भी दर्ज हुआ। अब सितंबर से रेप केस में फरार चल रहे पंजाब के आप विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं। पुलिस ने उन्हें मध्य प्रदेश के शिवपुरी से गिरफ्तार किया है। इसकी पुष्टि एक पुलिस अधिकारी ने की है। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हरमीत सिंह पठानमाजरा के खिलाफ पिछले साल एक दिसंबर को रेप , धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी के आरोपों में केस दर्ज किया गया था। यह केस जीरकपुर की रहने वाली महिला ने दर्ज कराया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पठानमाजरा ने खुद को तलाकशुदा बताते हुए उसके साथ रिश्ता बनाया और 2021 में शादी कर ली। बाद में पता चला कि वह पहले से शादीशुदा थे। महिला ने आरोप लगाया कि जब उसने इसका विरोध किया तो उसकी फोटो वायरल करने की धमकियां दी। 

रेप केस दर्ज होते ही फरार 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, केस दर्ज होते ही पठानमाजरा फरार हो गए। पंजाब पुलिस ने उन्हें हरियाणा के करनाल से गिरफ्तार किया, लेकिन चकमा देकर पुलिस हिरासत से भाग निकले। इसके बाद पुलिस को सूचना मिली कि पठानमाजरा करनाल के गांव डबरी में अपने रिश्तेदार के घर है। जब पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने मौके पर पहुंची तो उनके समर्थकों ने पुलिस टीम पर गोलियां चलाई और पत्थरबाजी की। हालांकि पठानमाजरा ने अपने बचाव में कहा था कि यह कोरी कहानी है, जिसे पुलिस ने रचाई है। उन्होंने कहा कि उन्हें पता चला था कि पुलिस उनका फर्जी एनकाउंटर करना चाहती है, इसलिए उन्हें भागना पड़ा। 

आप विधायक के लिए मांगा जाएगा रिमांड 

पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि आम आदमी पार्टी के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा और उनके तीन साथियों को अरेस्ट किया गया है। सभी आरोपियों को आज अदालत में पेश किया जाएगा और उनका रिमांड लेने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पहले से केस दर्ज है, भगौड़ा घोषित हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी मध्य प्रदेश के शिवपुरी से हुई है। बहरहाल आरोपियों से पूछताछ चल रही है ताकि उनका सहयोग करने वालों का भी पता चल सके।  

7