Delhi Double Decker Bus Accident: दिल्ली के करोल बाग में देर रात करीब 1 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि झंडेवालान मंदिर के पास अचानक एक डबल डेकर बस पलट गई, जिसकी वजह से 2 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 23 लोग घायल हो गए।
मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। टीम ने तुरंत घायल यात्रियों को अस्पताल पहुंचाया, वहीं शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस पूछताछ में घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि बस का संतुलन अचानक से बिगड़ गया था, जिसकी वजह से वह पलट गई। इसके अलावा दमकल विभाग का कहना है कि यह बस राजस्थान से आ रही थी, देर रात उन्हें करीब 1 बजकर 10 मिनट पर मामले के बारे में सूचित किया गया।
सूचना मिलते टीम मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद बस में फंसे सभी 25 यात्रियों को बाहर निकाला गया, और घायल यात्रियों को पास के अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया। बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर कांच के टुकड़े बिखरे पड़े थे, यात्रियों के सामान, जूते-चप्पल, खाने पीने की चीजें जमीन पर पड़े थे , बस का फ्रंट मिरर चकनाचूर हो चुका था।
#WATCH | Delhi: Visuals from the spot where a bus lost control and overturned last night near the Jhandewalan Temple in Delhi's Karol Bagh area. https://t.co/hIumV2PglV pic.twitter.com/7U8YTqFA6o
— ANI (@ANI) March 25, 2026
यात्रियों ने खिड़की से कूदने का प्रयास किया
ऑटो चालक दीपक ने पुलिस को बताया कि बस की स्पीड काफी ज्यादा थी, गोल चक्कर आने से पहले बस 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से जा रही थी. इसके बाद आगे जाकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। यहां तक कि कुछ यात्रियों ने जान बचाने के लिए खिड़कियों से कूदने का प्रयास किया था। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने भी यात्रियों को बचाने की कोशिश की थी।
ऑटो चालक दीपक ने यह भी बताया है कि हो सकता है चालक को नींद आ गई होगी, क्योंकि सड़क पर कोई रुकावट नहीं थी। उन्होंने आगे कहा कि हादसे के बाद बस के पीछे एक बच्चा फंस गया था, उसे निकाला गया, एक महिला भी फंसी हुई थी।जेसीबी का सहारा लेकर रस्सियां डालकर लोगों को बस से बाहर निकाला, तब तक पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।










