Logo
लोरमी के डिंडोल रोड पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। बढ़ती रफ्तार, अतिक्रमण और प्रशासन की लापरवाही से क्षेत्र में दहशत का माहौल।

राहुल यादव - लोरमी। मुंगेली जिले के लोरमी थाना क्षेत्र स्थित डिंडोल रोड पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार से दौड़ रहे अज्ञात वाहन ने युवक को बेरहमी से कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।

तेज रफ्तार और अतिक्रमण बने हादसे की बड़ी वजह
स्थानीय लोगों के अनुसार लोरमी की सड़कों पर इन दिनों रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही, तेज रफ्तार और सड़क किनारे फैला अतिक्रमण दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बन चुके हैं। लोगों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही और खानापूर्ति ने हालात को और गंभीर बना दिया है।

'मौत की गाड़ियां' बन गए भारी वाहन
लोरमी क्षेत्र में दिन-रात बेलगाम दौड़ते हैवी वाहन अब लोगों के लिए मौत का खतरा बन चुके हैं। सड़क पर बिना नियंत्रण के दौड़ते ट्रक और अन्य बड़े वाहन हर पल दुर्घटना की आशंका बढ़ा देते हैं। कई लोग सड़क पर निकलने में भी भय महसूस कर रहे हैं।

फिसलन भरी सड़कें भी बढ़ा रहीं खतरा
गोड़खाम्ही मार्ग पर सुबह, दोपहर और शाम पानी का छिड़काव किया जाता है, जिससे सड़क अत्यधिक फिसलन भरी हो जाती है। दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने और पीछे से आने वाले तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आने के कई मामले सामने आ चुके हैं। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कदम न उठाए जाने पर लोगों में भारी नाराजगी है।

स्थानीय लोगों की मांग
लगातार हो रहे हादसों के बाद जनता ने स्पष्ट मांग रखी है-

  • सड़कों पर स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं
  • भारी वाहनों की रफ्तार पर सख्त नियंत्रण हो
  • ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार किया जाए
  • लोगों का कहना है कि प्रशासन यदि अब भी नहीं जागा, तो हालात और भयावह हो सकते हैं।
7