Logo
नवरात्रि के दौरान रतनपुर महामाया मंदिर में भीड़ को देखते हुए बिलासपुर पुलिस ने सख्त ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। 25 मार्च शाम 4 बजे से भारी और मध्यम वाहनों पर प्रतिबंध।

प्रेम सोमवंशी- कोटा। नवरात्रि महापर्व के अवसर पर मां महामाया रतनपुर में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस बिलासपुर ने व्यापक सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। सप्तमी की रात दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, 25 मार्च को शाम 4 बजे से रतनपुर की ओर आने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर भारी और मध्यम वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। यह व्यवस्था चारों दिशाओं से लागू रहेगी, ताकि पैदल और अन्य श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इन चौकों पर वाहनों को रोका जाएगा
शहर की ओर से आने वाले वाहनों को चिल्हाटी मोड़, अशोक नगर चौक, गुरुनानक चौक, गुम्बर पेट्रोल पंप, मंगला चौक और महाराणा चौक पर रोका जाएगा। वहीं रायपुर मार्ग से आने वाले वाहनों को सेंदरी अरपा पुल, कोरबा मार्ग पर ग्राम कर्रा, गौरेला-पेंड्रा मार्ग पर सिल्ली मोड़ और कोटा मार्ग पर लखनी मोड़ के पास डायवर्ट किया जाएगा।

ऐसे रखी जाएगी निगरानी
आपको बता दें कि, पूरे मार्ग में पुलिस बल तैनात रहेगा। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। संदिग्ध गतिविधियों और हुड़दंग पर नजर रखने के लिए जगह-जगह चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां ब्रीथ एनालाइजर से जांच की जाएगी। 

असामाजिक गतिविधि पर सख्त कार्रवाई
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पेट्रोलिंग टीम, फिक्स पॉइंट, एम्बुलेंस और क्यूआरटी (Quick Response Team) तैनात की गई है। पुलिस ने नागरिकों और श्रद्धालुओं से संयम और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है। नशे में वाहन चलाने, तेज गति, स्टंटबाजी या किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

7