मणिपुर: संदिग्ध कुकी उग्रवादियों ने पिता-पुत्र समेत चार लोगों की हत्या की, 24 घंटे से लापता थे सभी मृतक

Manipur Man and his Son Killed By Militants: मणिपुर में गुरुवार को संदिग्ध कुकी आतंकियों ने पिता पुत्र समेत चार लोगों की हत्या कर दी। इम्फाल के पुलिस अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि बिष्णुपुर जिले के अकसोई गांव के चार लोग बुधवार को लकड़ी इकट्ठा करने के लिए जंगल में गए थे। पहले कुकी उग्रवादियों ने इनका अपहरण किया और बाद में हत्या कर दी। सभी के शव मणिपुर के बिष्णुपुर जिले के कुंबी जंगल से बरामद किए गए हैं।
सबसे पहले ग्रामीणों ने देखा शव
मृतकों की पहचान 51 वर्षीय इबोमचा सिंह, उसके 20 वर्षीय पुत्र आनंद सिंह, रोमन सिंह(38) और दारा सिंह(37) के तौर पर की गई है। स्थानीय ग्रामीणों ने सभी मृतकों का शव पहले कुकी संगठनों द्वारा चलाए जा रहे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर देखा। इसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने जंगल से शव बरामद किया। सुरक्षाबलों ने संदिग्ध उग्रवादियों को पकड़ने के लिए कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू किया है।
नए साल के पहले दिन भड़की थी हिंसा
पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में नए साल के पहले दिन ही हिंसा भड़क गई थी। थोउबल जिले के लिलोंग में यह हिंसा भड़की थी। पुलिस वर्दी पहने ऑटोमैटिक हथियारों से लैस उग्रवादी समूह ने फायरिंग की थी। इसमें चार लोगों की मौत हो गई थी और 16 लोग घायल हो गए थे। इसके बाद राज्य के पांच जिलों में कर्फ्यू लगा दिया गया था। मुख्यमंत्री बीरेन सिंह ने इस घटना के लिए जिम्मेदार उग्रवादियों को पकड़ने का भरोसा दिलाया था।
मणिपुर में बीते साले से सामने आई हिंसा की कई घटनाएं
मणिपुर में बहुसंख्यक मैतेई और अल्पसंख्यक कुकी आदिवासियों के बीच बीते साल मई में हिंसा भड़की थी। इसमें 175 लोगों की मौत हो गई और हजारों लोग घायल हुए थे। हिंसा इतने बड़े पैमाने पर भड़की थी कि सेना और अर्द्धसैनिक बल तक को उतारना पड़ा था। इसमें 60 हजार से ज्यादा लोगों को अपना घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा था। इसके बाद से ही मणिपुर में दोनों समुदायों के बीच हिंसा की छिटपुट घटनाएं सामने आ रही है। इस दौरान उग्रवादी समूहों द्वारा सुरक्षाबलों को भी निशाना बनाया गया है।
