Logo
Taxi driver strike: दिल्ली एनसीआर सहित पूरे भारत में आज टैक्सी ड्राइवरों ने हड़ताल की है। उनकी मांग है की प्राइवेट सवारियों और बाइक टैक्सियों पर रोक लगाई जाए।

Taxi driver strike: दिल्ली एनसीआर में शनिवार को टैक्सी ड्राइवरों ने हड़ताल कर दी। इसके अलावा कुछ टैक्सी ड्राइवर दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। ड्राइवरों की सरकार से मांग है कि बाइक टैक्सियों पर रोक लगाई जाए। ऐप-बेस्ड कैब सेवाओं की नीतियों में बदलाव किया जाए। इस प्रदर्शन में कैब ड्राइवरों के साथ-साथ पारंपरिक टैक्सी और ऑटो चालक भी शामिल हुए हैं।

आज के इस प्रदर्शन को दो संगठनों राष्ट्रीय चालक संयुक्त मोर्चा समिति और ऑल दिल्ली ऑटो टैक्सी कांग्रेस यूनियन के बैनर तले किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मौजूदा नीतियों और अनियमित व्यवस्थाओं के चलते उनके रोजगार पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। उनका मानना है कि उन्हें सबसे ज्यादा नुकसान निजी वाहनों और बाइक टैक्सियों की वजह से हो रहा है। उनकी आमदनी पर सबसे ज्यादा प्रभाव बाइक टैक्सियों की वजह से पड़ रहा है।

बाइक टैक्सियों पर लगे प्रतिबंध

ऑल दिल्ली ऑटो टैक्सी कांग्रेस यूनियन के अध्यक्ष किशन वर्मा का कहना है कि वह अपनी मांगों को लेकर एक ज्ञापन केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को भी सौंपेगें। वर्मा का कहना है कि इस देश में राष्ट्रीय चालक आयोग का गठन किया जाना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि हमारी मांग है कि देश में तत्काल निजी बाइक टैक्सियों पर प्रतिबंध लगाया जाए।

पैसे बढ़ाने की मांग

उन्होंने ऐप पर आधारित कैब सेवाओं में लागू सर्ज प्राइसिंग पर भी सवाल खड़े किए। किशन वर्मा के अनुसार सर्ज प्राइसिंग का फायदा कैब ड्राइवरों को नहीं मिलता है। लेकिन इसके विपरीत आम लोगों को लगता है कि कैब ड्राइवर ज्यादा पैसा कमा रहे हैं। लेकिन सच्चाई तो यह कि कंपनियां एक बड़ा हिस्सा अपने पास रखती हैं।

आंदोलन तेज करेंगे टैक्सी चालक 

कैब ड्राइवरों की मांग है कि बिना किसी स्पष्ट नियम के निजी वाहनों को टैक्सी के रूप में चलाने की अनुमति नहीं दी जाए। इससे फायदा यह होगा कि नियमों का पालन करने वाले चालकों को इसका नुकसान नहीं उठाना पड़ेगा। टैक्सी ड्राइवरों की मांग है कि इस पर सख्त रोक लगे और एक समान नीति बनाए जाए जिसमें किसी को भी नुकसान नहीं उठाना पड़े। वहीं टैक्सी चालकों का कहना कि अगर उनकी मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो वह आंदोलन को और भी तेज कर देंगे। आज बड़ी संख्या में टैक्सी चालकों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

5379487